धार: मध्य प्रदेश के धार जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अमझेरा थाना क्षेत्र के इंदौर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर भेरू चौकी के पास एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें से 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सरदारपुर पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार, यात्री बस उज्जैन से गुजरात के मोरबी जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे भेरू चौकी के पास अचानक चालक का बस से नियंत्रण हट गया और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की दो टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
डायल-112 की टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलने पर अमझेरा थाने की एफआरवी-13 और एफआरवी-11 की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिसकर्मियों ने घायलों को बस से निकालकर अपने वाहनों की मदद से शासकीय अस्पताल सरदारपुर पहुंचाया। इसके साथ ही घायलों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।
अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
हादसे में ये 8 यात्री हुए घायल
बस पलटने से कमल पिता शुर्भान (25), रोहित पिता विष्णु प्रसाद (30), नामदेव पिता ढूंढे, बद्री पिता भगवान सिंह, शरद पिता ललितप्रसाद, संजय पिता बने सिंह, शिवकरण पिता हुकुम सिंह और फारूक मंडलिया घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें: गुरु नानक जयंती पर रोशनी से जगमगाया गोल्डन टेंपल: अमृतसर में श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
पुलिस टीम ने पहुंचाया अस्पताल
राहत कार्य में एफआरवी-13 के आरक्षक रामनरेश यादव और पायलट नरेंद्र सिंह पटेल शामिल रहे। एफआरवी-11 की टीम ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। समय पर पुलिस टीम के पहुंचने से घायलों को जल्द उपचार मिल सका। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

