भोपाल: मध्यप्रदेश की नर्सिंग रजिस्ट्रेशन व्यवस्था में कथित गड़बड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भोपाल में गधे के नाम पर नर्सिंग रजिस्ट्रेशन जारी होने की शिकायत की गई है। मामला सामने आने के बाद अब पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। टीटी नगर थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार और मध्यप्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के अधिकारियों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नर्सिंग रजिस्ट्रेशन जारी करने के दौरान आवेदकों की शैक्षणिक योग्यता, प्रशिक्षण और जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किए बिना प्रमाण-पत्र जारी किए गए। रवि परमार ने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों के माध्यम से पुलिस को शिकायत दी थी। टीटी नगर थाना प्रभारी की ओर से 26 नवंबर को जारी नोटिस क्रमांक डी-1056 में शिकायत आवेदन का उल्लेख किया गया है। पुलिस ने संबंधित लोगों को मामले में बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
संदिग्ध रजिस्ट्रेशन निरस्त करने और एफआईआर की मांग
रवि परमार ने नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि यदि बिना शैक्षणिक योग्यता, प्रशिक्षण और जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के रजिस्ट्रेशन जारी किए गए हैं तो यह गंभीर अनियमितता है।
उन्होंने संदिग्ध रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र निरस्त करने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। परमार का कहना है कि नर्सिंग रजिस्ट्रेशन स्वास्थ्य सेवाओं में काम करने की वैधानिक पात्रता से जुड़ा है। ऐसे में अपात्र व्यक्ति को रजिस्ट्रेशन मिलना मरीजों की सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है।
तीन साल से नर्सिंग व्यवस्था पर उठा रहे सवाल
परमार के मुताबिक, वे पिछले तीन वर्षों से प्रदेश की नर्सिंग शिक्षा और रजिस्ट्रेशन व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। नर्सिंग कॉलेजों की मान्यता, निरीक्षण, प्रवेश प्रक्रिया और रजिस्ट्रेशन को लेकर लगातार सवाल सामने आते रहे हैं।
उन्होंने मांग की है कि प्रत्येक संदिग्ध रजिस्ट्रेशन के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, प्रशिक्षण, संबंधित संस्थान और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन से जुड़े रिकॉर्ड और डिजिटल पोर्टल की भी जांच होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: आदिवासी समाज पर विधायक कर्राहे ने की टिप्पणी, कहा – रात-दिन शराब में धुत रहते हैं आदिवासी
29 की जगह 27 नवंबर को बयान देने का अनुरोध
पुलिस के नोटिस पर रवि परमार ने जांच में सहयोग करने की बात कही है। उन्होंने व्यक्तिगत कार्यों के कारण 29 नवंबर को उपस्थित होने में असमर्थता जताई है। साथ ही जांच अधिकारी से 27 नवंबर को ही उनके बयान दर्ज करने का अनुरोध किया है, ताकि जांच में देरी न हो।

