बालाघाट: लाडली बहना की राशि से अंडे, मुर्गा और मछली खाने और वोट भाजपा को देने के अपने बयान पर विधायक ने सफाई दी। लेकिन इस सफाई वाले बयान के दौरान भी उन्होंने एक और विवादित बयान दे दिया।
बैगा समाज पर की टिप्पणी
विधायक राजकुमार कर्राहे ने इस बार आदिवासी समाज पर टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने बैगा आदिवासियों को रात-दिन शराब के नशे में धुत रहने की बात कही। उन्होंने बैगाओं को शराब बनाने के लिए मिले अधिकार को खत्म करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आदिवासी दिन-रात शराब के नशे में धुत रहते हैं, उन्हें खाने का होश नहीं रहता है। जो कुछ घर में बना है, जो पत्ते में ढंका रहता है, उसे पत्ते में निकाला और बच्चों को खिलाया और खुद खाकर सो गए। रात में मच्छर काट रहे हैं या कोई जीव, यह उन्हें पता नहीं रहता। हमारी सरकार ने जो आदिवासी बैगा समाज को 5 लीटर कच्ची शराब बनाने की परमिशन दी है, या यूं कहें एक तरह से लाइसेंस दिया है, उसे सरकार को खत्म करना चाहिए।
स्कूल के कार्यक्रम में दिया बयान
दरअसल, विधायक कर्राहे एक स्कूल के कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे। कार्यक्रम में कई अतिथि मंचासीन थे, सांसद भारती पारधी भी मौजूद थीं। कार्यक्रम में विधायक अपने लाडली बहनों को मिलने वाली राशि से अंडे, मुर्गा और मछली खाने के बयान पर सफाई दे रहे थे, जहां उन्होंने आदिवासी समाज पर टिप्पणी कर दी।
मैं तो प्रदेश में छा गया – विधायक
इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि लाडली बहना की राशि से अंडे, मुर्गा और मछली खाने वाला जो वीडियो वायरल हुआ, मैं तो पूरे मध्यप्रदेश में छा गया। जब मुझे रास्ते में पता चला कि मप्र कांग्रेस ने अपने पेज पर बयान का वीडियो डाला है तो मुझे लगा कि वाह क्या बात है। विधायक ने कहा कि मैं आगे भी कहीं जाऊंगा तो यही बोलूंगा और अपने सोशल मीडिया के लोगों से कहा है कि उसका वीडियो बनाना और उसे फिर से सोशल मीडिया पर डाला जाएगा, क्योंकि हमारी अपनी सरकार है तो इस बात को कह रहे हैं।
यह भी पढ़ें: एमपी में 1 दिसंबर से भाजपा का सेवा दूत अभियान, 230 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता संभालेंगे जिम्मेदारी
एक के बाद एक विवादित बयान
इस तरह विधायक एक के बाद एक विवादित बयान दे रहे हैं। लांजी विधायक राजकुमार कर्राहे, आदिवासी बैगा समाज पर इस तरह का बयान देकर बुरी तरह से फंस गए हैं और उनका यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। बता दें कि विधायक ने बीते महीनों में बैगा आदिवासी अंचल में मासूम बच्चों की मौत को भी आदिवासियों की शराब से जोड़ दिया था।

