शाजापुर में साइबर क्राइम पुलिस का बड़ा छापा: शेयर मार्केट के नाम पर ठगी करने वाला नेटवर्क उजागर

शेयर करे

शाजापुर। शेयर मार्केट में ट्रेंडिंग और इन्वेस्टमेंट के नाम पर भोले-भाले लोगों से लाखों की ठगी करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़ा नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। उज्जैन साइबर क्राइम टीम ने शाजापुर जिले के लालघाटी थाना क्षेत्र के गिरवर रोड स्थित एक मकान पर छापेमार कार्रवाई कर इसे सील कर दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि यह स्थान एक फर्जी कॉल सेंटर की तरह उपयोग किया जा रहा था, जहाँ युवक-युवतियाँ लोगों को निवेश का झांसा देकर रकम हड़प रहे थे।

मुखबिर ने दी सूचना

उज्जैन पुलिस ने बताया कि- इसकी सूचना मुखबिर से मिली थी, कि शाजापुर के गिरवर रोड पर स्थित एक मकान में शेयर मार्केट ट्रेडिंग का झूठा लालच देकर ऑनलाइन ठगी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उज्जैन पुलिस और साइबर क्राइम की संयुक्त टीम बड़ी संख्या में मौके पर पहुँची। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने मकान में चल रही संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की और अंदर मौजूद युवक–युवतियों से पूछताछ शुरू की।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 13 युवतियों और 6 युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे अब विस्तृत पूछताछ की जाएगी। प्राथमिक जानकारी में सामने आया कि ये सभी लोग अलग-अलग राज्यों के निवेशकों को फोन कर शेयर मार्केट में भारी मुनाफा, उच्च रिटर्न और तेजी से पैसा बढ़ाने का लालच देकर ठगी करते थे। पुलिस का अनुमान है कि यह गिरोह कई महीनों से सक्रिय था और हजारों लोगों को निशाना बना चुका है।

पुलिस ने मकान को तत्काल सील कर दिया और बताया कि यह पूरा ऑपरेशन एक फर्जी ट्रेडिंग कॉल सेंटर की तरह चल रहा था, जहाँ से रोज़ाना बड़ी संख्या में कॉल किए जाते थे। पुलिस का कहना है कि डिजिटल डिवाइस, लैपटॉप, मोबाइल फोन और डेटा रिकॉर्ड भी बरामद किए गए हैं, जिनसे इस नेटवर्क के और बड़े लिंक सामने आ सकते हैं।

जल्द हो सकता है बड़े रैकेट का खुलासा

उज्जैन पुलिस ने संकेत दिए हैं कि हिरासत में लिए गए युवक–युवतियों से पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के संचालक प्रदेश के बाहर बैठे हो सकते हैं और यह ऑपरेशन कई शहरों में फैला हुआ था।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फर्जी कॉल, ऑनलाइन ट्रेडिंग ऑफर और बिना सत्यापन वाले निवेश प्रस्तावों से सतर्क रहें।