कानपुर। एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां देर रात दबंगों ने एक ऑटो में आग लगाकर इलाके में दहशत फैला दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होते नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में डर और आक्रोश का माहौल है।
देर रात की वारदात
बता दें यह पूरा मामला रावतपुर थाना क्षेत्र का है, जहां बीते दिनों रात करीब 3 बजे कुछ दबंगों ने एक घर के बाहर खड़ी ऑटो में आग लगा दी। आग लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने मामले को लेकर रावतपुर थाने में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि घटना 8 जनवरी की होने के बावजूद अब तक न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़ित की आपबीती वीडियो में सामने आई
पुलिस की कार्रवाई न होने से नाराज पीड़ित ने अपनी आपबीती बताते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया है। वीडियो में पीड़ित न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े करता नजर आ रहा है। मामले को लेकर अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। देखना यह होगा कि क्षेत्रीय पुलिस इस गंभीर मामले में कब तक संज्ञान लेती है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।

