मुंबई। शाहिद कपूर एक बार फिर अपने फैंस को चौंकाने आ गए हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘ओ रोमियो’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा तेज़ हो गई है। यह ट्रेलर शाहिद को एक ऐसे अवतार में पेश करता है, जो न सिर्फ़ खतरनाक है बल्कि अंदर से टूटा हुआ और भावनात्मक रूप से बेहद जटिल भी है। साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म, ‘देवा’ के बाद शाहिद के करियर की सबसे डार्क और इंटेंस पेशकश मानी जा रही है।
अपराध की दुनिया का बेताज बादशाह
3 मिनट 8 सेकंड का यह ट्रेलर दर्शकों को सीधे एक अंडरवर्ल्ड की अंधेरी गलियों में ले जाता है। कहानी की शुरुआत एक रहस्यमयी चेतावनी से होती है, जो आगे चलकर ‘हुसैन’ की खौफनाक दुनिया का दरवाज़ा खोल देती है। शाहिद कपूर का किरदार सत्ता, हिंसा और ऐयाशी के बीच जीता है, जहां इंसानी रिश्तों की कोई कीमत नहीं है। लेकिन इसी बेरहम दुनिया में एक ऐसा मोड़ आता है, जो इस खूंखार गैंगस्टर को बदलने की ओर धकेल देता है।
मासूमियत के पीछे छुपा बदले का ज़हर
फिल्म में तृप्ति डिमरी का किरदार कहानी को असली धार देता है। बाहर से शांत और सुलझी हुई दिखने वाली यह लड़की असल में अपने अतीत के ज़ख्मों का हिसाब बराबर करने आई है। हुसैन के करीब आना उसके लिए महज़ एक चाल है, लेकिन खेल तब बिगड़ता है जब हुसैन को पहली बार सच्चे प्यार का एहसास होता है और सामने खड़ी होती है एक ऐसी औरत, जिसके दिल में मोहब्बत नहीं, सिर्फ़ इंतकाम पल रहा है।
दमदार स्टारकास्ट ने बढ़ाया सस्पेंस
ट्रेलर में दिशा पाटनी का स्टाइलिश लेकिन खतरनाक शेड, नाना पाटेकर की भारी-भरकम मौजूदगी और फरीदा जलाल का अप्रत्याशित अवतार कहानी को और गहराई देता है। हर किरदार अपने साथ एक रहस्य और टकराव लेकर आता है, जिससे ट्रेलर का हर सीन दर्शकों को बांधे रखता है।
प्यार नहीं, तबाही की कहानी है ‘ओ रोमियो’
‘ओ रोमियो’ को सिर्फ़ रोमांटिक फिल्म कहना गलत होगा। यह फिल्म पैशन, पावर, धोखे और खून से सनी भावनाओं की कहानी है। तेज़ रफ्तार एक्शन, भारी डायलॉग्स और इमोशनल अंडरकरंट इसे एक हाई-वोल्टेज सिनेमैटिक अनुभव बनाते हैं।
वैलेंटाइन वीक में होगा बड़ा टकराव
जहां वैलेंटाइन वीक आमतौर पर रोमांटिक फिल्मों के नाम होता है, वहीं ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में उतरकर इस ट्रेंड को तोड़ने आ रही है। शाहिद कपूर के इस नए और खतरनाक अवतार को देखने के लिए फैंस की एक्साइटमेंट अभी से चरम पर है।


