एक और बेवफा सोनम: मासूक के प्रेम में पत्नी बनी कातिल, पति को उतारा मौत के घाट

शेयर करे

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। इस केस को इंदौर के चर्चित हनीमून मर्डर की तर्ज पर बताया जा रहा है। जहां एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या कर, इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की थी। एक बार फिर ऐसी ही कहानी दोहराई गई है।

हिट एंड रन की कहानी से शुरू हुआ शक

सूत्रों अनुसार यह घटना 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जहां रावला थाना क्षेत्र के अनूपगढ़ रोड पर आशीष और उसकी पत्नी अंजू सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिले। जिसके बाद अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुली सच्चाई

पुलिस के पूछे जाने पर अंजू ने बताया कि- किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और उसकी ज्वेलरी लूट ली। हालांकि शुरुआती जांच में ही पुलिस को इस कहानी पर संदेह हुआ। बाद में मेडिकल जांच में सामने आया कि आशीष की मौत सड़क हादसे से नहीं बल्कि गला घोंटने और गंभीर मारपीट के कारण हुई थी। वहीं अंजू के शरीर पर किसी भी तरह की गंभीर चोट नहीं मिली। जिसे देखकर पुलिस को अंजू के ऊपर शक हो गया।

मोबाइल कॉल डिटेल से मिला अहम सुराग

जांच के दौरान अंजू के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली गई, जिसमें खुलासा हुआ कि वह लगातार अपने पुराने प्रेमी संजू से संपर्क में थी। इसके बाद पुलिस ने संजू और उसके दो साथियों रॉकी और बादल की जांच शुरू की।

ऐसे रची गई हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक अंजू शादी से खुश नहीं थी। उसने मायके जाकर प्रेमी संजू और उसके साथियों के साथ पति को खत्म करने की योजना बनाई। घटना वाली रात अंजू जानबूझकर आशीष को सुनसान सड़क पर टहलने के लिए ले गई। जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर लूट का नाटक करने के लिए अंजू ने खुद अपनी बालियां और मोबाइल आरोपियों को दे दिए।

चार आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी अंजू, उसके प्रेमी संजू और दोनों सहयोगियों रॉकी उर्फ रोहित और बादल उर्फ सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सभी ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस की मामले में आगे की जांच जारी है।

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *