ग्वालियर । रेलवे स्प्रिंग फैक्ट्री में देर रात हुआ गैस रिसाव हादसा सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। आग लगने से पांच कर्मचारी झुलस गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्वालियर के सिथौली स्थित रेलवे स्प्रिंग फैक्ट्री में बीती रात मरम्मत कार्य के दौरान गैस लीक होने से अचानक आग भड़क उठी। घटना में एक रेलवे कर्मचारी सहित पांच लोग झुलस गए। कौशल श्रीवास्तव, योगेश कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी, शब्बीर सहित अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घायलों में 60 प्रतिशत से अधिक जलन वाले मरीजों की हालत चिंताजनक है और मेडिकल टीम लगातार निगरानी रख रही है। घटना के बाद पुलिस और रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति यादव ने बताया कि फैक्ट्री परिसर से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
पीड़ित ने बताया कि मशीन के पास वायरिंग के दौरान अचानक तेज लपटें उठीं और बचने तक का मौका नहीं मिला। इसं संबंध में उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि बंद मशीन की मेंटेनेंस के दौरान स्पार्क से गैस में आग पकड़ ली। एक रेलवे कर्मचारी और चार कॉन्ट्रैक्ट कर्मी झुलसे हैं। ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई और जांच के आदेश दिए गए हैं।
रेलवे स्प्रिंग फैक्ट्री ब्लास्ट, मरम्मत के दौरान गैस रिसाव से मचा हड़कंप


