रियाद: सऊदी अरब में बुधवार देर रात एक एयरपोर्ट और तेल ठिकाने पर हुए भीषण हमलों में एक भारतीय नागरिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दम्माम शहर के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक ने अपनी जान गंवा दी, जबकि 2 भारतीयों समेत कुल 8 लोग घायल हुए हैं।
वहीं दूसरी तरफ, सऊदी अरामको के तेल ठिकाने पर हुए ड्रोन हमले में नेपाल और फिलीपींस के एक-एक नागरिक की मौत हो गई। इस हमले में भी एक भारतीय समेत दो लोग घायल हुए हैं।
हमले के बाद विमानों का रास्ता बदला
सऊदी अरब के सिविल एविएशन अथॉरिटी ने गुरुवार को एयरपोर्ट पर हमले की जानकारी दी। इसमें एयरपोर्ट को भी नुकसान पहुंचा है।
दम्माम, फारस की खाड़ी के तट पर स्थित है। यह बहरीन और कतर के करीब है। दुनियाभर की उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि हमले के बाद विमानों को दूसरे रास्तों से भेजा जा रहा है।
इसके अलावा सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बताया कि उसने देश के पूर्वी इलाके में चार ड्रोन हमलों को नाकाम किया है।
अमेरिका ने अपने डिप्लोमैट्स वापस बुलाए
इन हमलों के बीच अमेरिका ने अपने कुछ राजनयिकों और सरकारी कर्मचारियों को परिवारों के साथ सऊदी अरब छोड़ने को कहा है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि मंत्रालय के कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
मंत्रालय ने हूती विद्रोहियों की ओर से नागरिक एयरपोर्ट और दूसरी जरूरी सुविधाओं पर हो रहे हमलों को कर्मचारियों को हटाने की वजह बताया है।
अमेरिकी दूतावास फरवरी के आखिर में ईरान के खिलाफ शुरू हुए अमेरिकी युद्ध के शुरुआती दौर में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद वहां बहुत कम कर्मचारी काम कर रहे थे। हालांकि, हाल के हफ्तों में कुछ राजनयिक फिर से वहां लौटे थे।

