Saturday, June 13, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsजैकलीन फर्नांडिस को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका या राहत? 25 जून...

जैकलीन फर्नांडिस को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका या राहत? 25 जून को होगा अगला अहम फैसला

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस से जुड़े 200 करोड़ रुपये के चर्चित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा ने इस मामले की सुनवाई से स्वयं को अलग कर लिया है। अब इस हाई-प्रोफाइल केस की सुनवाई किसी दूसरी बेंच के समक्ष होगी।

सुनवाई के दौरान जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस अतुल एस. चांदुरकर की बेंच ने दोनों पक्षों को सूचित किया कि मामला अब नई बेंच को सौंपा जाएगा। जस्टिस मिश्रा ने बताया कि इस प्रकरण से जुड़े एक मामले में उनके पुत्र पहले सरकार की ओर से पेश हो चुके हैं, इसलिए निष्पक्षता बनाए रखने के लिए उन्होंने स्वयं को सुनवाई से अलग करना उचित समझा।

25 जून को होगी अगली सुनवाई

बता दें सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि यह मामला 25 जून को ऐसी बेंच के समक्ष सूचीबद्ध किया जाए, जिसमें वर्तमान बेंच के दोनों में से कोई एक सदस्य शामिल न हो। अब सभी की निगाहें अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां जैकलीन की याचिका पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

आखिर क्या है मामला?

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला देश के चर्चित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है, जिस पर जेल के भीतर से ही करोड़ों रुपये की रंगदारी वसूलने का आरोप है। सुकेश ने दिल्ली की रोहिणी जेल में रहते हुए फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की उगाही की थी।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) का दावा है कि इसी कथित अवैध धन का एक हिस्सा जैकलीन फर्नांडिस और उनके परिवार पर खर्च किया गया। जांच में सामने आया कि सुकेश ने अभिनेत्री को प्रभावित करने के लिए करोड़ों रुपये के महंगे उपहार दिए थे।

जैकलीन को मिले थे करोड़ों के लग्जरी गिफ्ट

ED की चार्जशीट के अनुसार, जैकलीन को दिए गए उपहारों में लग्जरी कारें, डायमंड और महंगी ज्वेलरी, डिजाइनर बैग और ब्रांडेड कपड़े, विदेशी नस्ल के महंगे पालतू जानवर, महंगे गैजेट्स और अन्य लग्जरी आइटम शामिल थे। जांच एजेंसी का आरोप है कि जैकलीन को सुकेश की आपराधिक गतिविधियों और उसके धन के स्रोत की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने उससे उपहार स्वीकार किए।

दिल्ली कोर्ट ने तय किए आरोप

दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 30 मई को जैकलीन फर्नांडिस, सुकेश चंद्रशेखर और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया था। इसी आदेश को चुनौती देते हुए जैकलीन सुप्रीम कोर्ट पहुंची हैं। 3 जून को कोर्ट में पेश हुई जैकलीन ने अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया था।

मैं खुद पीड़ित हूं- जैकलीन

वहीं जैकलीन फर्नांडिस की कानूनी टीम लगातार यह दलील दे रही है कि अभिनेत्री इस पूरे मामले में एक पीड़ित हैं। उनके वकीलों का कहना है कि जैकलीन को कभी यह जानकारी नहीं थी कि सुकेश चंद्रशेखर एक ठग है। उन्होंने उसे एक सफल व्यवसायी समझकर उससे संबंध बनाए और बाद में उसके असली चेहरे का खुलासा हुआ।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं तस्वीरें

इस केस के दौरान सुकेश और जैकलीन की कई निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिसने इस मामले को और अधिक चर्चित बना दिया। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

अब सुप्रीम कोर्ट की नई बेंच यह तय करेगी कि दिल्ली कोर्ट द्वारा आरोप तय करने का आदेश बरकरार रहेगा या जैकलीन को कोई कानूनी राहत मिलेगी। इस हाई-प्रोफाइल मामले पर देशभर की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका असर बॉलीवुड और कानूनी जगत दोनों पर पड़ सकता है।

 

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

Bhopal- 31 to 6 June 2026
Bhopal- 24 to 30 May 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन