नागपुर। जिले में भीषण गर्मी की वजह से आग लगने की घटना बढ़ती जा रही है। गुरुवार दोपहर जिले के खैरी गांव में पुरानी कार के गोडाउन को भीषण आग लग गई। आग में करीब 400 कारें, उनके स्पेयर पार्ट्स, टायर और अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। कुछ देर तक पूरा इलाका धुएं से भर गया था।
आग इतनी भीषण थी कि आस पास के क्षेत्र कामठी, येरखेड़ा और नागपुर महानगरपालिका के लगभग 15 दमकल वाहनों को मौके पर पहुंचना पड़ा। इस आग में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल आग के कारण का पता लगाया जा रहा है।
गुरुवार दोपहर शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मनोज नागदेवे और उनके साथियों के पुरानी कारों के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में मरम्मत की गई पुरानी कारें, खराब वाहनों के स्पेयर पार्ट्स, टायर और ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी हुई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा परिसर धुएं व तेज लपटों से घिर गया। कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर दमकल विभाग को सूचना दी। आग की भयावह तस्वीरें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था।

