भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। ऐशबाग थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करते समय 32 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि युवक ट्रैक पार करते समय मोबाइल स्क्रीन पर नजर टिकाए हुए था और इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया।
दोस्त से मिलने जा रहा था मृतक
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मनीष प्रजापति (32) निवासी जहांगीराबाद के नीमवाली सड़क क्षेत्र के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था। मंगलवार रात खाना खाने के बाद वह घर से टहलने निकला था और पैदल ऐशबाग में रहने वाले अपने एक दोस्त से मिलने जा रहा था।
यह भी पढ़ें-
सौरव गांगुली की बायोपिक ‘दादा’ का फर्स्ट लुक जारी, राजकुमार राव के लुक पर फैंस ने उठाए सवाल
बरखेड़ी रेलवे ट्रैक पर हुआ हादसा
सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे बरखेड़ी के पास रेलवे लाइन पार करते समय मनीष तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ऐशबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
बता दें बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह हादसा रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हुआ प्रतीत हो रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय युवक मोबाइल का इस्तेमाल कर रहा था या नहीं।
यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय मोबाइल फोन का उपयोग या किसी भी तरह की असावधानी जानलेवा साबित हो सकती है। रेलवे और पुलिस लगातार लोगों से केवल निर्धारित रेलवे क्रॉसिंग या फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने की अपील करते रहे हैं, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

