मुबंई। महाशिवरात्रि के खास मौके पर बहुप्रतीक्षित माइथो-एक्शन फिल्म नागबंधम का टीज़र रिलीज कर दिया गया है। इस टीज़र को साउथ सुपरस्टार महेश बाबू ने सोशल मीडिया पर लॉन्च किया, जिसके बाद फिल्म इंटरनेट पर तेजी से ट्रेंड करने लगी। निर्देशक अभिषेक नामा के निर्देशन में बनी यह फिल्म विजुअल ग्रैंडियर और वर्ल्ड-क्लास प्रोडक्शन डिजाइन के साथ एक सिनेमैटिक स्पेक्टेकल का वादा करती नजर आ रही है। लीड रोल में उभरते अभिनेता विराट कर्ण दिखाई देंगे।
टीज़र में क्या है खास?
बता दें टीज़र की शुरुआत हिमालय की रहस्यमयी घाटियों से होती है, जहां बर्फीली चोटियों और प्राचीन मंदिरों के बीच एक दैवीय रहस्य की झलक मिलती है। स्टोरीलाइन एक ऐसे गुप्त नागबंधम मंदिर के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां सदियों पुरानी शक्ति छिपी हुई है। जब लालच और महत्वाकांक्षा उस शक्ति को जगाने की कोशिश करते हैं, तब नियति अपना योद्धा चुनती है। टीज़र की टैगलाइन – “ब्रह्मा की रचना से जन्मा… विष्णु के धर्म से सुरक्षित… महादेव के क्रोध से शक्ति प्राप्त…” फिल्म के आध्यात्मिक और पौराणिक आयाम को और गहराई देती है।
इतिहास और माइथोलॉजी का अनोखा फ्यूज़न
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की कहानी अहमद शाह अब्दाली के ऐतिहासिक अफगान आक्रमण से प्रेरित है। हालांकि यह केवल ऐतिहासिक पुनरावृत्ति नहीं है, बल्कि इसमें माइथोलॉजी, आध्यात्मिक युद्ध और सांस्कृतिक संघर्ष का हाई-वोल्टेज मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म सांस्कृतिक विरासत बनाम विध्वंसकारी ताकतों की टकराहट को एक नए विजुअल फॉर्मेट में पेश करने का दावा करती है।
स्टारकास्ट और प्रोडक्शन वैल्यू
फिल्म में विराट कर्णा के साथ नभा नतेश, ईश्वर्या मेनन महेश मांजरेकर, जगपति बाबू, मुरली शर्मा और अनसूया भारद्वाज जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माताओं किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने फिल्म को बड़े बजट और हाई-एंड VFX के साथ तैयार किया है। टीज़र से साफ है कि फिल्म को पैन-इंडिया अपील के साथ ग्लोबल ऑडियंस को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिलहाल मेकर्स ने घोषणा की है कि ‘नागबंधम’ समर 2026 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी, लेकिन सटीक रिलीज डेट का खुलासा अभी बाकी है। टीज़र रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की उत्सुकता चरम पर है। कई यूजर्स इसे “नेक्स्ट बिग माइथोलॉजिकल ब्लॉकबस्टर” बता रहे हैं।


