अहमदाबाद। अंजलि क्रॉस रोड से एक बेहद चौंकाने और शर्मनाक मामला देखने को मिला है, जहां कानून की रक्षा करने वाला ही कानून तोड़ता नजर आया। बता दें शुक्रवार को शाम एक महिला अपनी स्कूटर से जा रही थी। इसी दौरान ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पालड़ी थाना क्षेत्र के एक पुलिसकर्मी ने महिला को रोककर लाइसेंस मांगा। महिला ने शालीनता से स्कूटर साइड में लगाकर लाइसेंस दिखाने की बात कही, लेकिन इसी बात पर पुलिसकर्मी आपा खो बैठा।
आईकार्ड दिखाकर रौब, फिर थप्पड़ों की बरसात
प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, पुलिसकर्मी ने खुद का पुलिस आईकार्ड दिखाकर महिला पर रौब झाड़ना शुरू कर दिया। इसी दौरान गलती से उसका आईकार्ड नीचे गिर गया। इस छोटी-सी बात पर पुलिसकर्मी इतना भड़क गया कि उसने महिला के साथ गाली-गलौच करते हुए सरेआम थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। महिला को आंख, कान और गाल पर गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।
थाने में भी नहीं मिला न्याय
घटना के बाद पीड़िता ने 112 पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल कर मदद मांगी। मौके पर पहुंचे PSI ने महिला को पालड़ी थाने ले जाकर कथित तौर पर क्रॉस FIR की धमकी दी और शिकायत दर्ज करने से इनकार किया। काफी संघर्ष के बाद महिला ने पालड़ी थाने की महिला अधिकारी के नाम लिखित शिकायत दी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों पर सवाल
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर, गुजरात के डीजीपी और गृह मंत्री हर्ष संघवी लगातार पुलिसकर्मियों को जनता के साथ संयम और संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दे चुके हैं। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं खाकी की साख पर सवाल खड़े कर रही हैं।
क्या करेंगे पुलिस कमिश्नर कार्रवाई
वायरल वीडियो के बाद पीड़ित महिला ने न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना यह होगा कि अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर इस मामले में क्या संज्ञान लेते हैं, क्या आरोपी पुलिसकर्मी पर FIR दर्ज होती है ? और क्या महिला को इंसाफ मिलेगा या नहीं ?


