इंदौर:कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले इंदौर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रीजनल पार्क के सामने जी मैदान में राहुल गांधी का कार्यक्रम आयोजित होना है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में चल रही थीं, इसी दौरान मैदान में अचानक एक काला सांप दिखाई दिया। सांप कार्यक्रम स्थल पर राहुल गांधी के मंच की दिशा से निकलता हुआ नजर आया।घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। जिस मैदान में जल्द ही बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता जुटने वाले हैं, वहां सांप के दिखाई देने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सांप की एंट्री
दरअसल, कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष सहित अन्य नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी। प्रेस वार्ता के बाद जब कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं, तभी काला कोबरा सांप मंच की तरफ दिखाई दिया जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।सवाल यह है कि जब मैदान में बड़े राजनीतिक कार्यक्रम की तैयारी की जा रही थी, तो क्या पूरे परिसर की पर्याप्त सर्चिंग की गई थी? क्या मंच, दर्शक क्षेत्र और आसपास के हिस्सों की सुरक्षा जांच पूरी की गई थी? सांप निकलने के बाद इन व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ये भी पढ़े:निठारी कांड के आरोपी रहे सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में की आत्महत्या, कुछ दिन पहले ही खोली थी चाय की दुकान
बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी के बीच सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा
राहुल गांधी के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में मैदान में सांप या किसी अन्य जीव-जंतु की मौजूदगी से संभावित खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। खासकर तब, जब कार्यक्रम में भीड़ एकत्र होने वाली हो और मंच के आसपास लोगों की आवाजाही बनी रहे।अब सवाल कांग्रेस की आयोजन व्यवस्था पर भी उठ रहा है—क्या सांप मिलने के बाद पूरे मैदान की दोबारा सर्चिंग कराई जाएगी? क्या मंच और दर्शक क्षेत्र की सुरक्षा जांच होगी? क्या वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की सहायता ली जाएगी?

