शारजाह: अफगानिस्तान ने तीन मैचों की T20 सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 37 रन से हरा दिया। टीम ने 5 विकेट गंवाने के बाद 177 रन बनाए। एजाज अहमदजई ने 20 गेंदों में फिफ्टी लगाई, जबकि राशिद खान ने 10 गेंदों में 30 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 140 रन पर ऑलआउट हो गई। राशिद ने गेंदबाजी में भी 2 विकेट लिए। इस जीत के साथ अफगानिस्तान ने जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार छठा T20I मुकाबला जीता।
अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही। दूसरे ओवर में कप्तान इब्राहिम जादरान ब्रैड इवांस की गेंद पर कवर में कैच आउट हो गए। इसके बाद अर्नेस्ट मसूकू ने सेदिकुल्लाह अटल और मोहम्मद अकरम को पवेलियन भेजा।
नौवें ओवर में रहमानुल्लाह गुरबाज भी वेलिंगटन माजाकाद्जा की गेंद पर आउट हो गए। इस दौरान सिकंदर रजा ने एक्स्ट्रा कवर पर शानदार कैच पकड़ा। अजमतुल्लाह उमरजई का विकेट गिरने के बाद 12वें ओवर तक अफगानिस्तान का स्कोर 66 रन पर 5 विकेट हो गया।
एजाज ने 20 गेंदों में फिफ्टी लगाई
मुश्किल स्थिति में शाहिदुल्लाह और एजाज अहमदजई ने पारी को संभाला। शाहिदुल्लाह ने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की, जबकि एजाज ने आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 4.5 ओवर में 61 रन की साझेदारी की। शाहिदुल्लाह 42 गेंदों में 46 रन बनाकर 17वें ओवर में आउट हुए।
अंतिम ओवरों में राशिद खान ने 10 गेंदों में 30 रन बनाकर टीम की रन गति बढ़ाई। हालांकि, अफगानिस्तान की पारी 19.5 ओवर में 177 रन पर सिमट गई।
ये भी पढ़ें: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर हुए मुशफिकुर रहीम, बांग्लादेश की टीम को लगा झटका
राशिद की फिरकी में फंसा जिम्बाब्वे
178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे जिम्बाब्वे ने पावरप्ले में एक विकेट गंवाकर 38 रन बनाए। इसके बाद अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने शिकंजा कस दिया। राशिद खान ने इनोसेंट काइया को बोल्ड कर जिम्बाब्वे को दूसरा झटका दिया। इसके बाद विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा और टीम मिडिल ओवरों में दबाव से नहीं उबर सकी।
राशिद ने तादिवानाशे मरुमानी को LBW आउट किया और 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए। मुजीब उर रहमान ने भी 27 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। जिम्बाब्वे की ओर से रयान बर्ल ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। उन्होंने 24 गेंदों का सामना किया, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरने के कारण टीम लक्ष्य से दूर रह गई।
जिम्बाब्वे की पूरी टीम 140 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह अफगानिस्तान ने मुकाबला 37 रन से जीतकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

