मुबंई: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म ‘हैवान’ थिएटर में रिलीज होने के बाद अब OTT पर आने की तैयारी में है। फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसे दर्शकों का खास साथ नहीं मिला। अब इसकी डिजिटल रिलीज को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ‘हैवान’ को 6 नवंबर 2026 यानी दिवाली के मौके पर SonyLIV पर स्ट्रीम किया जा सकता है। हालांकि फिल्म के मेकर्स या OTT प्लेटफॉर्म की तरफ से अभी इसकी रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
18 साल बाद साथ आए अक्षय-सैफ
‘हैवान’ को लेकर रिलीज से पहले काफी चर्चा थी। इसकी बड़ी वजह अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी थी। दोनों करीब 18 साल बाद एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आए।
फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। अक्षय, सैफ और प्रियदर्शन जैसे बड़े नाम जुड़े होने के कारण फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन रिलीज के बाद कहानी अलग रही।
बॉक्स ऑफिस पर नहीं चला ‘हैवान’ का जादू
रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘हैवान’ ने भारत में करीब 3 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली थी। इसके बाद भी फिल्म की कमाई में ज्यादा तेजी नहीं आई और भारत में इसका कुल कारोबार 10 करोड़ रुपये तक भी नहीं पहुंच पाया।
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 15 करोड़ रुपये बताया गया है, जबकि इसका बजट लगभग 130 करोड़ रुपये होने का दावा किया गया। इस लिहाज से सिनेमाघरों में फिल्म का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा।
यह भी पढ़ें: Dupahiya Season 2 Review: फिर लौटा धड़कपुर, हंसी के साथ गांव की कई परेशानियों की कहानी
अक्षय के पास कई बड़ी फिल्में
‘हैवान’ के बाद अक्षय कुमार के पास कई प्रोजेक्ट्स हैं। वह अजय देवगन की कॉमेडी फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म ‘गोलमाल 5’ में भी नजर आने वाले हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में अक्षय का किरदार विलेन का हो सकता है।
रोहित शेट्टी के निर्देशन में बन रही ‘गोलमाल 5’ में अजय देवगन, अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और शरमन जोशी सहित कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज 8 जनवरी 2027 के लिए बताई जा रही है।इसके अलावा अक्षय के आने वाले प्रोजेक्ट्स में ‘हेरा फेरी 3’ और ‘भागम भाग 2’ जैसी फिल्मों के नाम भी शामिल हैं।

