जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर भारत और जापान के बीच संयुक्त हवाई अभ्यास ‘वीर गार्जियन-2026’ जारी है। रविवार को दोनों देशों के वायुसेना प्रमुखों ने अभ्यास में हिस्सा लिया। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह और जापान के एयर चीफ जनरल ताकेहिरो मोरिता ने अभ्यास में शामिल दोनों देशों की टीमों से मुलाकात की और उनके साथ समूह तस्वीर भी खिंचवाई।
इसके बाद दोनों वायुसेना प्रमुखों ने तेजस में उड़ान भरी। उड़ान से पहले दोनों ने ब्रीफिंग रूम में अभ्यास से जुड़ी जानकारी ली। जापान के वायुसेना प्रमुख ने भारतीय पायलट के साथ तेजस में उड़ान भरी, जबकि भारतीय वायुसेना प्रमुख ने स्वदेशी लड़ाकू विमान की कमान संभाली।
तेजस, राफेल और सुखोई भी अभ्यास में
14 दिन का यह अभ्यास 22 सितंबर तक चलेगा। इसमें भारतीय वायुसेना के तेजस, राफेल और सुखोई-30एमकेआई लड़ाकू विमान शामिल हैं। जापान की ओर से एफ-2ए विमान हिस्सा ले रहे हैं। दोनों देशों की वायुसेनाएं अलग-अलग परिचालन परिस्थितियों में संयुक्त अभियान और हवाई युद्धाभ्यास कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: RSS और ‘हम दो, हमारे दो’ पर यशपाल आर्य के सवाल, बोले- आखिर क्यों उठाया मुद्दा?
रणनीति और तकनीकी अनुभव भी साझा
‘वीर गार्जियन’ केवल विमानों की उड़ान तक सीमित नहीं है। दोनों देशों की टीमें अभियान की योजना, संचालन और सामरिक प्रक्रियाओं पर भी साथ काम कर रही हैं। विशेषज्ञों के बीच तकनीकी विषयों और परिचालन अनुभवों का आदान-प्रदान किया जा रहा है।
विमानों की इंजीनियरिंग, रखरखाव और विमानन सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी दोनों देशों के विशेषज्ञ चर्चा कर रहे हैं। वायुसेना प्रमुखों की तेजस में संयुक्त भागीदारी को अभ्यास के दौरान भारत-जापान के बीच परिचालन तालमेल और रक्षा सहयोग का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।

