बालाघाट। जिले के बिरसा क्षेत्र से पारिवारिक संपत्ति विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां छोटे बेटे ने अपने बड़े भाई सहित छह लोगों पर मानसिक रूप से अस्वस्थ मां की करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति कथित रूप से हड़पने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
क्या है पूरा मामला ?
शिकायतकर्ता मोहम्मद ओबेश सौदागर का आरोप है कि उनके पिता स्वर्गीय मोहम्मद साबीर सौदागर ने जीवनकाल में ग्राम पीपरटोला स्थित कृषि भूमि उनकी मां शमीम अख्तर के नाम खरीदी थी। शिकायत के अनुसार उनकी मां वर्ष 2014 से मानसिक बीमारी से पीड़ित हैं और लगातार उपचाररत हैं।
ओबेश का आरोप है कि इसी स्थिति का फायदा उठाकर उनके बड़े भाई मोहम्मद अबरार उर्फ टीपू ने कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित साजिश रची और 15 अप्रैल 2026 को मां को बैहर स्थित उप पंजीयक कार्यालय ले जाकर दानपत्र के माध्यम से पूरी संपत्ति अपने नाम करा ली।

इन लोगों पर लगाए गए आरोप
बता दें शिकायत में बड़े भाई के अलावा दानपत्र के गवाह, एक रिश्तेदार, संबंधित सर्विस प्रोवाइडर और उप पंजीयक कार्यालय के अधिकारियों के नाम भी शामिल किए गए हैं। आरोप है कि संपत्ति हस्तांतरण की प्रक्रिया के दौरान नियमों और कानूनी प्रावधानों की अनदेखी की गई।
संपत्ति बेचने की कोशिश का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि संपत्ति अपने नाम कराने के बाद अब उसे बेचने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए।
प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें
मामले में अभी जांच एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि शिकायत के बाद अब पूरे मामले की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

