शिवपुरी: कोतवाली थाने के भीतर शराब पार्टी, जुआ खेलने और पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट के आरोपों से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक यांगचिन डोलकर भूटिया ने थाना प्रभारी रोहित दुबे को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं, एक एसआई और छह आरक्षकों को निलंबित किया गया है। घटना विजयादशमी के दिन पूजन के बाद की बताई जा रही है। मामले की जांच एसडीओपी को सौंपी गई है।
पूजन के बाद शराब पार्टी और जुए का आरोप
जानकारी के अनुसार, विजयादशमी की रात कोतवाली थाने में पूजन के बाद कुछ पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर शराब पार्टी की। इसी दौरान थाने के भीतर जुआ खेलने और नशे की हालत में आपस में विवाद होने की बात सामने आई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पुलिसकर्मियों के बीच लात-घूंसे भी चले।
घटना के बाद मामले को दबाने की कोशिश किए जाने की चर्चा है। हालांकि, घटना से संबंधित कोई फुटेज सामने आने की जानकारी नहीं है। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीरता से लिया और विभागीय कार्रवाई की।
टीआई लाइन अटैच, सात पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
मामले में थाना प्रभारी रोहित दुबे को लाइन अटैच किया गया है। इसके अलावा एक उपनिरीक्षक (एसआई) और छह आरक्षकों को निलंबित किया गया है। थाने के भीतर अनुशासनहीनता के आरोपों को लेकर की गई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हलचल है।
लाइन अटैच किए गए टीआई रोहित दुबे ने कहा, “हां, मुझे लाइन अटैच कर दिया गया है। इससे ज्यादा मैं क्या कह सकता हूं।”
यह भी पढ़ें: 50 हजार रुपये का इनाम भी नहीं दिला सका सुराग; आईएएस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से मिलकर जताई कॉन्ट्रैक्ट किलिंग की आशंका
एसडीओपी करेंगे मामले की जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवपुरी आरडी प्रजापति ने बताया कि दो पुलिसकर्मियों के बीच विवाद की जानकारी मिली है। मामले की जांच एसडीओपी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, शराब पार्टी, जुआ खेलने और मारपीट से जुड़े आरोपों की विस्तृत पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जांच में घटना की परिस्थितियों और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।

