भोपाल। प्रदेश के बालाघाट जिले में अवैध रेत खनन और उसके खुलेआम परिवहन ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर किरनापुर तहसील क्षेत्र में रेत माफियाओं के हौंसले इतने बुलंद हैं कि रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर खनिज और राजस्व विभाग के कार्यालयों के सामने से ही बेखौफ दौड़ रहे हैं। शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है और पर्यावरणीय नुकसान की आशंका गहराती जा रही है।
जानकारी के अनुसार जिले के किरनापुर तहसील क्षेत्र में नदी-नालों और राजस्व भूमि से बिना अनुमति बड़े पैमाने पर अवैध रूप से रेत निकाली जा रही है। इसके साथ ही रेत से भरे वाहन दिन-रात मुख्य सड़कों पर खुलेआम चलते देखे जा रहे हैं। स्थानीय नागरिको के मुताबिक कई बार रेत से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपर खनिज विभाग तथा राजस्व विभाग के कार्यालयों के सामने से ही तेज रफ्तार में गुजरते नजर आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध रेत परिवहन को लेकर कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें भी की गई हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से रेत माफियाओं के हौंसले और बढ़ते जा रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों का यह भी कहना है कि लगातार हो रहे अवैध उत्खनन से नदी किनारों का कटाव बढ़ रहा है। इससे बारिश के मौसम में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनने का खतरा भी बढ़ गया है। इसके अलावा रेत के अंधाधुंध दोहन से भूजल स्तर में गिरावट और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी समस्याएं भी सामने आने की आशंका है।
जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते अवैध खनन और परिवहन पर सख्ती नहीं की गई, तो आने वाले समय में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। साथ ही शासन को राजस्व का भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में अब सवाल यह उठ रहा है कि जिम्मेदार विभाग इस बढ़ते अवैध कारोबार पर कब तक लगाम लगाएंगे और रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई कब तक देखने को मिलेगी।

