जालंधर: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नशे का मुद्दा गरमा गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को जालंधर के परागपुर में आयोजित नशामुक्त पंजाब महारैली में कहा कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो 31 दिसंबर 2029 तक राज्य को नशामुक्त कर दिया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि वे पंजाब की माताओं, बहनों और युवाओं को यह भरोसा देने आए हैं कि तय समय सीमा के बाद बच्चों को चिट्टा देने वाला कोई नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नशामुक्त पंजाब का अभियान शुरू किया है। यह कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं, बल्कि पंजाब को बचाने का अभियान है।
शाह ने कहा कि पंजाब में नशे की बिक्री नहीं होने दी जाएगी और यहां से नशा देश के दूसरे राज्यों तक भी नहीं पहुंचने दिया जाएगा।
13 दिन में 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंची यात्रा
भाजपा की ओर से 18 सितंबर से पंजाब में चार नशामुक्त यात्राएं निकाली गई थीं। अमित शाह ने बताया कि इन यात्राओं ने 13 दिनों में राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों को कवर किया और करीब 4 हजार किलोमीटर का सफर तय किया। इसके बाद जालंधर में महारैली का आयोजन किया गया।
शाह ने कहा कि पंजाब देश के अन्न भंडार भरने वाले किसानों और सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों की धरती है। किसानों ने देश की खाद्य जरूरतों को पूरा किया और जवानों ने देश की सुरक्षा के लिए बलिदान दिए। ऐसे राज्य के सामने नशे की चुनौती गंभीर है।
उन्होंने कहा कि पंजाब का विकास तब तक नहीं हो सकता, जब तक राज्य का युवा नशे से मुक्त नहीं होगा।
AAP सरकार पर लगाए आरोप
अमित शाह ने आम आदमी पार्टी सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पंजाब में चिट्टे के कारोबार को रोकने में विफल रही है।
शाह ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान अरविंद केजरीवाल ने तीन महीने में पंजाब को नशामुक्त करने की गारंटी दी थी, लेकिन नशा खत्म नहीं हुआ। उन्होंने दिल्ली की शराब नीति से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए AAP पर सवाल उठाए।
शाह ने कहा कि पंजाब के आगामी चुनाव में किसान, उद्योग, रोजगार और कानून-व्यवस्था समेत कई मुद्दे होंगे, लेकिन भाजपा के लिए नशामुक्त पंजाब सबसे प्रमुख एजेंडा रहेगा।
यह भी पढ़ें: INDIA गठबंधन पर शिवराज का हमला, बोले- राहुल को नेता मानने को तैयार नहीं; अखिलेश की गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल?
जाखड़ बोले- नशा खत्म करना सबसे जरूरी
भाजपा नेता सुनील कुमार जाखड़ ने कहा कि जब तक पंजाब के बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं होगा, तब तक विकास और दूसरे मुद्दों पर बात अधूरी रहेगी। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने साफ किया है कि अगर लोग पंजाब से नशा खत्म करना चाहते हैं तो भाजपा को एक मौका दें।
भाजपा सांसद हरभजन सिंह ने भी कहा कि पंजाब से नशा खत्म करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नशामुक्त पंजाब यात्रा से लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।

