कुरनूल। आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में भक्तों को बांटे जाने वाले लड्डू के प्रसाद को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया कि पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी के शासन में लड्डू बनाने के लिए जिस घी का इस्तेमाल किया गया, वह बाथरूम साफ करने वाले केमिकल से बना था।
मंदिर की पवित्रता को नुकसान- सीएम
सीएम नायडू ने कहा कि- वाईएसआरसीपी ने प्रसाद में मिलावट कर श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर की पवित्रता को भंग किया। उन्होंने दावा किया कि पांच साल तक इस घी का उपयोग प्रसाद तैयार करने में किया गया। यह आरोप उन्होंने कुरनूल जिले के येम्मिगनूर में किसानों को ‘आपकी जमीन – आपका अधिकार’ कार्यक्रम के दौरान लगाया।
पहले और अब के लड्डू में फर्क
साथ ही नायडू ने यह भी कहा कि पूर्व सीएम जगन मोहन रेड्डी दावा करते हैं कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और विशेष जांच दल ने उन्हें क्लीन चिट दे दी है। लेकिन तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के पूर्व अध्यक्ष वाई.वी. सुब्बा रेड्डी ने स्वयं प्रसाद में मिलावट होने की बात स्वीकार की। नायडू ने यह भी बताया कि पहले और अब के लड्डू में काफी अंतर देखा जा सकता है।
पिछले साल गिरफ्तार हुए थे चार आरोपी
जानकारी अनुसार फरवरी 2025 में चार लोगों को इस मिलावट मामले में गिरफ्तार किया गया था। इन आरोपियों में भोले बाबा डेयरी के पूर्व निदेशक विपिन जैन और पोमिल जैन, वैष्णवी डेयरी के अपूर्व चावड़ा और एआर डेयरी के राजू राजशेखरन शामिल थे। लड्डू में घी के तौर पर पहले पशु चर्बी के इस्तेमाल का आरोप लगा था, जिसके बाद SIT और CBI ने मामले की जांच की थी।


