इंदौर: आंवला नवमी पर बुधवार को शहर के प्रमुख मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव और भंडारों का आयोजन होगा। रणजीत हनुमान मंदिर में करीब 140 साल पुरानी परंपरा के तहत चलित भंडारा आयोजित किया जाएगा।
75 हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी तैयार की गई
यहां करीब 75 हजार श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी तैयार की गई है। साथ ही शहर के 101 मंदिरों में भगवान के भोग के लिए प्रसाद भेजा जाएगा। वहीं, वीर अलीजा सरकार मंदिर में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट प्रसादी बनाई जा रही है।
आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवला नवमी पर आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु का वास होता है। इस दिन वृक्ष की पूजा, उसके नीचे भोजन और अन्नदान करने की परंपरा है। मान्यता है कि इस दिन किए गए पुण्य कर्मों का कभी क्षय नहीं होता, इसलिए इसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है।
वीर अलीजा सरकार मंदिर के पुजारी पवनानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि सनातन परंपरा में प्रकृति पूजा का विशेष महत्व है। आंवले को शुभ और फलदायी माना गया है। इस दिन भगवान विष्णु के पूजन के साथ आंवले के वृक्ष की पूजा और अन्नदान किया जाता है।
700 सेवादार संभालेंगे व्यवस्था
भंडारे की व्यवस्था संभालने के लिए करीब 700 सेवादार तैनात रहेंगे। सुरक्षा गार्ड, पुलिस और ट्रैफिक टीम भी व्यवस्था में जुटेगी। मंदिर परिसर में 82 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। भंडारे के चलते मंदिर के सामने की एक लेन बंद रहेगी। वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें: सिवनी में पुलिस की वसूली का वीडियो वायरल, टीआई समेत चार सस्पेंड; एएसपी और सीएसपी की भूमिका की डीआईजी करेंगे जांच
सर्दियों में आंवला है फायदेमंद
डाइटिशियन प्रीति शुक्ला और विनीता जायसवाल के अनुसार, आंवला विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत है। इसका सेवन रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाने, त्वचा में कोलेजन निर्माण और हड्डियों के स्वास्थ्य में मददगार हो सकता है। कुछ शोधों में इसके सेवन से ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर में कमी के संकेत भी मिले हैं।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रोजाना एक से दो ताजे आंवले पर्याप्त हैं। इन्हें चटनी, दाल या सब्जी में शामिल किया जा सकता है। डायबिटीज के मरीजों को अधिक चीनी वाले मुरब्बे और कैंडी से बचना चाहिए। आंवले से एलर्जी या किडनी संबंधी समस्या होने पर सेवन से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना उचित है।

