सिवनी/भोपाल: होटल संचालक से हर महीने 50 हजार रुपये की कथित वसूली और रकम नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने के मामले में सिवनी पुलिस के चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा ने की है। निलंबित होने वालों में कोतवाली टीआई सतीश तिवारी भी शामिल हैं। वहीं, एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और सीएसपी चंचलेश मरकाम की भूमिका की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोनों अधिकारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
होटल संचालक ने लगाया 50 हजार रुपये मांगने का आरोप
मामला सिवनी के बवरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ का है। होटल संचालक संजय सनोडिया का आरोप है कि पुलिस अधिकारी पिछले दो महीने से उनसे हर महीने 50 हजार रुपये मांग रहे थे। अक्टूबर में उन्होंने टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपये दिए थे, लेकिन इसके बाद भी पूरी रकम देने का दबाव बनाया जा रहा था।
संचालक के मुताबिक, उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा था कि होटल में इतनी बुकिंग नहीं होती कि हर महीने 50 हजार रुपये दिए जा सकें। इस पर उन्हें धमकी दी गई कि रकम नहीं देने पर होटल नहीं चलने दिया जाएगा।
तीन दिन लगातार होटल पहुंची पुलिस
होटल संचालक का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर अक्टूबर में 7, 8 और 9 तारीख को लगातार तीन दिन पुलिसकर्मी होटल में तलाशी लेने पहुंचे। इस दौरान कर्मचारियों और ग्राहकों को भी परेशान किया गया। उन्हें होटल में गांजा रखवाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।
संचालक ने बताया कि पुलिस की लगातार आवाजाही और कार्रवाई से होटल का कारोबार प्रभावित होने लगा था। ग्राहकों ने भी होटल आना कम कर दिया था।
गुप्त कैमरे में रिकॉर्ड हुई पुलिस की गतिविधियां
संजय सनोडिया के मुताबिक, पुलिस अधिकारी जब भी होटल पहुंचते थे, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर ले जाते थे। इससे उनके पास पुलिस की गतिविधियों का कोई रिकॉर्ड नहीं बचता था। इसके बाद उन्होंने होटल में अलग से एक गुप्त कैमरा लगवाया।
पुलिसकर्मी एक डीवीआर जब्त कर ले गए, लेकिन दूसरा सुरक्षित बच गया। इसी में पुलिस अधिकारियों के होटल पहुंचने और कथित धमकी देने की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। करीब एक मिनट 15 सेकंड का यह वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
वीडियो में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा, सीएसपी चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी एक प्रेमी जोड़े के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एडिशनल एसपी अपने स्टाफ से युवक के बैग में गांजा रखवाने की बात कहते भी सुनाई दे रहे हैं।
ये भी पढ़ें: APEC समिट में पुतिन-जिनपिंग की 50वीं मुलाकात, आज चीन पहुंचेंगे ट्रम्प
आईजी ने चार पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड
वीडियो सामने आने के बाद एसपी कृष्ण लालचंदानी ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर रेंज के आईजी प्रमोद वर्मा ने चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इनमें एडिशनल एसपी का ड्राइवर और टीआई सतीश तिवारी भी शामिल हैं।
वहीं, एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा और सीएसपी चंचलेश मरकाम की भूमिका की जांच छिंदवाड़ा रेंज के डीआईजी को सौंपी गई है। आईजी ने जांच की प्राथमिक रिपोर्ट बुधवार शाम तक मांगी है।
आईजी प्रमोद वर्मा ने कहा कि होटल संचालक से पुलिस अधिकारियों की बातचीत का वायरल वीडियो बेहद आपत्तिजनक है। मामले की जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

