इंदौर: अपना दल (एस) ने मध्य प्रदेश में संगठन विस्तार के साथ अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी ने प्रदेश में 31 पदाधिकारियों की नियुक्ति कर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। साथ ही आगामी चुनावों में अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने और उम्मीदवार उतारने की तैयारी भी शुरू कर दी है।
पार्टी नगरीय निकाय चुनावों में भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतार सकती है। हालांकि, राष्ट्रीय स्तर पर अपना दल (एस) एनडीए के घटक दल के रूप में अपनी भूमिका जारी रखेगी।
संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर जोर
पार्टी के राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कहा कि अपना दल (एस) वर्ष 2014 से एनडीए का हिस्सा है और आगे भी गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में पार्टी आगामी चुनावों के लिए अपनी स्वतंत्र संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों को भी मजबूत करेगी।
ये भी पढ़े इंदौर में बदहाल सड़क को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, 5 दिन में सुधार नहीं तो चक्का जाम की चेतावनी
उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि उसे जमीनी स्तर तक सक्रिय बनाना है। इसके लिए प्रदेश संगठन के साथ किसान, व्यापार, विधि, चिकित्सा, शिक्षक, आईटी, बौद्धिक और अनुसूचित जाति-जनजाति सहित विभिन्न मंचों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
हर चुनाव में मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी
अपना दल (एस) आने वाले समय में हर चुनाव में अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। पार्टी अधिक से अधिक क्षेत्रों में अपने प्रतिनिधि उतारने की दिशा में काम करेगी।
सभी अंचलों में होगा संगठन विस्तार
पार्टी मालवा-निमाड़, बुंदेलखंड, महाकौशल, विंध्य, चंबल और ग्वालियर अंचल तक संगठन का विस्तार करने की योजना पर काम कर रही है। किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को पार्टी अपनी राजनीतिक गतिविधियों के केंद्र में रखेगी।

