उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। शहर के ढाबा रोड स्थित प्रसिद्ध गेबी हनुमान मंदिर के बाहर मुख्य मार्ग पर सो रहे एक लाचार बुजुर्ग भिखारी के साथ 5 नाबालिग बच्चों ने बेरहमी से मारपीट की। आरोपियों ने न केवल बुजुर्ग को डंडों और लात-घूंसों से पीटा, बल्कि उनके पास रखे रुपए भी छीनकर भाग निकले। इस हैवानियत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है।
10 मिनट तक तांडव, चीखता रहा बुजुर्ग
घटना 16 सितंबर की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। मंदिर के पास दुकान के बाहर सो रहे बुजुर्ग को करीब 9 से 11 वर्ष की उम्र के पांच बच्चों ने घेर लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चे लगभग 10 मिनट तक बुजुर्ग पर लात-घूंसे बरसाते रहे। बुजुर्ग लगातार चीखते-चिल्लाते हुए खुद को बचाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन बच्चे हंसी-मजाक करते हुए उनके कपड़े खींचते और मारपीट करते रहे।
तमाशबीन बने रहे लोग
हैरानी और दुख की बात यह रही कि घटना के दौरान आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी आगे बढ़कर उन बच्चों को रोकने या बुजुर्ग को बचाने की कोशिश नहीं की। लोग मूकदर्शक बनकर पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे, जो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गया। इस संवेदनहीनता ने शहर के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
ये भी पढ़े:किरनापुर में मरार माली समाज का आंदोलन: राजनीतिक नेतृत्व की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे
सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों ने नाबालिगों की इस हरकत और सड़कों पर असहाय बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पर कड़े सवाल उठाए हैं। हालांकि घटना के संबंध में अब तक पुलिस में किसी भी पक्ष द्वारा आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।

