Wednesday, November 25, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsसड़क हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, तीन जवान घायल

सड़क हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, तीन जवान घायल

बालाघाट: सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को ही भीड़ के गुस्से का शिकार होना पड़ा। ट्रक के क्लीनर को भीड़ के चंगुल से बचाकर अस्पताल पहुंचाने और दुर्घटना की कार्रवाई करने पहुंची पुलिस पर 25 से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। हमले में एक आरक्षक और विशेष सहयोगी दस्ता के दो कर्मचारी घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

घटना 24 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे बैहर-सालेटेकरी मार्ग पर ग्राम कचनारी के समीप हुई। यहां सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से आ रही मोटरसाइकिल जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय डुमेन्द्र पांचे, निवासी साल्हेवाड़ा, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उस दौरान घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोग ट्रक के क्लीनर के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने बीच-बचाव कर क्लीनर को भीड़ से बचाया और उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस मृतक के शव को उठाने और आवश्यक कार्रवाई में जुटी थी। तभी कुछ लोग भड़क गए और ट्रक चालक को घटनास्थल पर बुलाने की जिद करने लगे।

आरक्षक तोमेश बघेले के मुताबिक, इसी दौरान करीब 25 से अधिक लोगों ने उन पर और विशेष सहयोगी दस्ता के कर्मचारी संदीप मेरावी व पीयूष रनकुहे पर हमला कर दिया। आरोपियों ने तीनों के साथ जमकर मारपीट की। आरक्षक के गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। आरक्षक ने यह भी बताया कि मारपीट करने वालों में कुछ लोगों को वह पहचानते हैं।

यह भी पढ़ें: मोहन भागवत का बड़ा बयान – युवा झूठ बर्दाश्त नहीं करेगा, सच वालों के साथ खड़ा है देश का भविष्य

मामले में एसडीओपी चंद्रशेखर पाण्डे ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर मेला लगा हुआ था। रात करीब 11 बजे मेले से लौट रहे कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालते हुए विवाद शुरू किया और पुलिसकर्मियों के साथ छीना-झपटी व मारपीट की। घटना में घायल पुलिसकर्मियों का अस्पताल में उपचार जारी है।

एसडीओपी ने बताया कि पुलिस पर हमला करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सड़क हादसे में एक युवक की जान जाने के बाद शुरू हुआ घटनाक्रम अब पुलिस पर हमले के मामले में बदल गया है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन