Wednesday, November 25, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबालाघाट में 27 नवंबर से शुरू होगा ‘मिशन मुस्कान’, घर-घर पहुंचेगी टीम

बालाघाट में 27 नवंबर से शुरू होगा ‘मिशन मुस्कान’, घर-घर पहुंचेगी टीम

बालाघाट: जिले के हर बच्चे को स्वस्थ, सुपोषित और शिक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। 27 नवंबर से जिलेभर में ‘मिशन मुस्कान – हर बच्चा स्वस्थ, हर बचपन खुशहाल’ अभियान शुरू होगा। कलेक्टर आदित्य सिंह की पहल पर शुरू हो रहे इस अभियान के तहत जिलेभर में बच्चों का विशेष सर्वेक्षण किया जाएगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा मदद से वंचित न रहे।

चार बड़ी समस्याओं पर होगा फोकस

अभियान के तहत छह वर्ष तक के बच्चों में गंभीर तीव्र कुपोषण और मध्यम तीव्र कुपोषण की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों को चिन्हित कर उन्हें जांच, उपचार, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, सहायक उपकरण और पुनर्वास सेवाओं से जोड़ा जाएगा। बच्चों में शारीरिक, मानसिक, भाषा, सुनने और देखने संबंधी विकासात्मक विलंब की भी पहचान की जाएगी। वहीं जो बच्चे स्कूल में नामांकित नहीं हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं, उनका पता लगाकर उनका पुनः प्रवेश कराया जाएगा।

दो चरणों में होगा पूरा सर्वेक्षण

विशेष सर्वेक्षण दो चरणों में संचालित किया जाएगा। पहले चरण में जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों, शासकीय विद्यालयों, आश्रम विद्यालयों एवं छात्रावासों में पंजीकृत और अध्ययनरत बच्चों का सर्वेक्षण होगा। इसमें बच्चों की स्वास्थ्य, पोषण और विकास संबंधी स्थिति का परीक्षण कर जरूरतमंद बच्चों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित की जाएगी। दूसरे चरण में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर सर्वेक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य उन बच्चों तक पहुंचना है, जो किसी आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालय या छात्रावास में पंजीकृत नहीं हैं अथवा पहले चरण में सर्वेक्षण से छूट गए हैं, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा अभियान के दायरे से बाहर न रहे।

अभियान को महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से संचालित किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर सर्वेक्षण दल में शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता एवं पंचायत सचिव शामिल रहेंगे, जबकि अधिकारी सर्वेक्षण की निगरानी, जानकारी के संकलन और सत्यापन की जिम्मेदारी निभाएंगे।

चिन्हित बच्चों को मिलेगा इलाज और पुनर्वास का लाभ

सर्वेक्षण के दौरान चिन्हित बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की मोबाइल स्वास्थ्य टीमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। जरूरत के अनुसार बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकीय जांच, उपचार और उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफरल किया जाएगा। कुपोषित बच्चों को उनकी स्थिति के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र, स्वास्थ्य सेवाओं और पूरक पोषण कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। वहीं दिव्यांगता और विकासात्मक विलंब से प्रभावित बच्चों को विशेषज्ञ परामर्श, उपचार, पुनर्वास, प्रमाण-पत्र और आवश्यक सहायक सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।

स्कूल से बाहर बच्चों का होगा पुनः नामांकन

अभियान में ऐसे बच्चों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो किसी कारणवश विद्यालय नहीं जा रहे हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। सर्वेक्षण के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से इन बच्चों का पुनः नामांकन कराया जाएगा तथा उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें: मोहन भागवत का बड़ा बयान – युवा झूठ बर्दाश्त नहीं करेगा, सच वालों के साथ खड़ा है देश का भविष्य

सर्वे के बाद भी जारी रहेगी निगरानी

मिशन मुस्कान का उद्देश्य केवल बच्चों की समस्याओं की पहचान करना नहीं, बल्कि उन्हें जरूरत के अनुसार निरंतर सहायता उपलब्ध कराना भी है। सर्वेक्षण के बाद प्रत्येक चिन्हित बच्चे की स्थिति के अनुसार पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार, पुनर्वास और शिक्षा संबंधी सेवाओं की अनुवर्ती निगरानी की जाएगी। कलेक्टर आदित्य सिंह ने सभी संबंधित विभागों को अभियान गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आपसी समन्वय से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि जिले का कोई भी बच्चा आवश्यक स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा संबंधी सहायता से वंचित न रहे।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

22 to 28 November 2026
15 to 21 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन