Thursday, November 12, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबालाघाट:भय से भरोसे तक पहुंचाने की पहल, प्रभावित बच्चों और उनके परिजनों...

बालाघाट:भय से भरोसे तक पहुंचाने की पहल, प्रभावित बच्चों और उनके परिजनों के लिए भोजन-नाश्ते के साथ राशन की व्यवस्था

दक्षिण बैहर: वनांचल के दूरस्थ और बैगा बहुल गांवों में लंबे समय से सामाजिक सेवा के माध्यम से ग्रामीणों से जुड़ने वाले रामेश्वर कटरे इन दिनों स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार करा रहे प्रभावित बच्चों और उनके परिजनों की मदद में जुटे हैं। बुधवार 16 सितंबर को उन्होंने दक्षिण बैहर के बिरसा, सोनगुड्डा और बिठली के उपस्वास्थ्य केंद्रों के साथ बैहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों से संवाद किया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ जरूरतमंद परिवारों के लिए भोजन, नाश्ता और राशन सामग्री की व्यवस्था की गई।

कटरे ने बताया कि पिछले कई दिनों से प्रभावित क्षेत्र के लोग उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों का रुख कर रहे हैं। उनका कहना है कि कुछ समय पहले तक बीमारी और संक्रमण की आशंका के बीच कई माता-पिता बच्चों को अस्पताल लाने में डर या संकोच महसूस करते थे। अब स्थिति में बदलाव देखने को मिल रहा है। माता-पिता बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं, चिकित्सकों से उपचार करा रहे हैं और उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं। उनके अनुसार अस्पतालों में बच्चों की संख्या बढ़ना इस बात का संकेत है कि ग्रामीणों में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भरोसा मजबूत हो रहा है।

मरीजों से संवाद और सहायता से सामने आया भरोसे का बदलाव- कटरे

बिरसा, सोनगुड्डा और बिठली के स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचकर कटरे ने मरीजों और उनके परिजनों से उनकी समस्याओं तथा उपचार को लेकर बातचीत की। उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान कई लोगों ने कहा कि अब स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर वे पहले अस्पताल पहुंचेंगे और चिकित्सकों से उपचार कराएंगे।
उनका कहना है कि पहले लोगों के मन में अस्पताल जाने को लेकर डर और संकोच था। अब वे खुद बच्चों को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहे हैं। मरीजों ने भी कहा है कि आगे स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर उनकी पहली प्राथमिकता चिकित्सकों से इलाज करवाना होगी। यही बदलाव इस क्षेत्र में अपेक्षित था।

उन्होंने कहा कि किसी भी स्वास्थ्य संकट के समय मरीज के साथ उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी रहते हैं। इसलिए केवल मरीज के उपचार की चिंता पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके साथ आए परिवार के भोजन और अन्य आवश्यकताओं का भी ध्यान रखना जरूरी है। इसी सोच के साथ वर्तमान में स्वास्थ्य केंद्रों पर सहयोग किया जा रहा है।

15 वर्षों से बैगा गांवों में सेवा का सिलसिला

सामाजिक कार्यकर्ता रामेश्वर कटरे पिछले करीब 15 वर्षों से दक्षिण बैहर के दूरस्थ वनांचल और बैगा बहुल गांवों में सामाजिक सेवा से जुड़े हैं। कुकड़ा, कोरका, मातला, धर्मशाला, कुंडेकशा और कोहनीमोर सहित अन्य गांवों में पहुंचकर उन्होंने बच्चों और महिलाओं की जरूरतों के अनुसार कपड़े, जूते-चप्पल, मच्छरदानी और दैनिक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराने का काम किया है। इसके साथ ग्रामीणों के बीच शिक्षा, स्वच्छता और समय पर उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

दूरस्थ गांवों में संपर्क के दौरान सड़क, पुलिया और जरूरी दस्तावेजों जैसी समस्याएं भी सामने आईं। कुकड़ा में ग्रामीणों के पास आधार, समग्र आईडी और राशन कार्ड जैसे दस्तावेज नहीं होने की जानकारी मिलने पर प्रशासन से संपर्क कर शिविर के माध्यम से दस्तावेज बनवाने की पहल की गई। इस तरह सामाजिक सेवा को केवल सामग्री वितरण तक सीमित रखने के बजाय ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

मंत्री कुंवर विजय शाह ने भी की सेवा कार्यों की सराहना

बैगा ग्रामों में किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों की मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग मंत्री कुंवर विजय शाह ने भी मुक्त कंठ से सराहना की थी। दूरस्थ आदिवासी अंचल में लगातार पहुंचकर ग्रामीणों और जरूरतमंद परिवारों के बीच किए जा रहे सेवा कार्यों को उन्होंने सराहा। कटरे का कहना है कि ऐसे प्रयास तभी प्रभावी हो सकते हैं, जब समाज के अन्य सक्षम लोग भी आगे आकर सहयोग करें।

मुख्यमंत्री के समक्ष होम स्टे और ईको-टूरिज्म का सुझाव

श्री कटरे ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष दक्षिण बैहर के वनांचल में होम स्टे और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने का सुझाव उनके बिरसा आगमन के दौरान रखा था। उनका कहना है कि क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा, जंगल, जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली को पर्यटन से जोड़ा जाए तो स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। जिन क्षेत्रों को लंबे समय तक पिछड़ेपन और नक्सल गतिविधियों की छाया के कारण अलग पहचान मिली, वहां विकास और रोजगार के माध्यम से नई संभावनाएं तैयार की जा सकती हैं।

ये भी पढ़े:मध्य प्रदेश में बढ़ गया सियासी पारा, मोहन भागवत, नितिन नबीन और राहुल गांधी के एक के बाद एक दौरे

‘भय से भरोसे’ तक पहुंचना सबसे बड़ा बदलाव

रामेश्वर कटरे के अनुसार वर्तमान सेवा कार्य का उद्देश्य केवल भोजन या राशन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीणों के बीच भरोसे को मजबूत करना भी है। उनका कहना है कि जब कोई परिवार बीमारी के समय बिना डर के अस्पताल पहुंचता है और चिकित्सकों पर विश्वास करते हुए उपचार कराता है, तो यह पूरे क्षेत्र के लिए सकारात्मक बदलाव है।

“भय से भरोसे तक का यह बदलाव इस क्षेत्र की सबसे बड़ी आवश्यकता थी। यह किसी एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, ग्रामीणों और समाज के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। हमारा प्रयास है कि संकट की घड़ी में कोई परिवार खुद को अकेला महसूस न करे और जरूरत पड़ने पर सबसे पहले स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।”

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन