बालाघाट के कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय उईके ने की प्रेस कांफ्रेंस, क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर की बात

शेयर करे

बालाघाट । जिले के कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और बैहर विधायक संजय उईके ने एक प्रेस कांफ्रेंस रखी। इस दौरान उन्होंने आदिवासियों के हितों और वन संसाधनों का संरक्षण, निरस्त प्रकरण एवं भूमि का संरक्षण, जिले में भूमि स्थिति और विकास को लेकर बात रखी। इसके साथ ही संजय उईके ने सरकार और प्रशासन से सवाल करते हुए अपनी मांगों को भी स्पष्ट किया। जिसको लेकर एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी किया गया है।

आदिवासियों की जमीन करें वापिस

बैहर विधायक संजय उईके ने कहा कि – हमारे 150 आदिवासी है, जिनकी लगभग 1966, 1969 और 1971 से 103 हेक्टेर जमीन उन आदिवासी को वन विभाग ने अपने अवैध कब्जे में रखा हुआ है। यह करीब 7 से 8 गांव के ऐसे ही लोग हैं। जिनकी जमीन को वन विभाग ने अपने कब्जे में रखा हुआ है। हमारे जो आदिवासी भाई हैं, उनकी जमीन जल्द से जल्द वापस की जाए और साथ ही साथ 66, 69 और 71 से उनको मुआजा भी दें।

जिले में भूमि स्थिति और विकास

बालाघाट जिले की भूमि पर बात करते हुए विधायक संजय उईके ने कहा कि – जिले का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल 9229.44 वर्ग किलोमीटर है। राजस्व विभाग के पास पंजीकृत भूमि 4569.67 वर्ग किलोमीटर है। वन विभाग के अंतर्गत भूमि 4921.18 वर्ग किलोमीटर है। दोनों को जोड़ने पर कुल क्षेत्रफल 9490.85 वर्ग किलोमीटर बनता है, जो वास्तविक क्षेत्रफल से 261.42 वर्ग किलोमीटर अधिक है। यह स्पष्ट किया जाता है कि 261.42 वर्ग किलोमीटर अतिरिक्त भूमि कहीं भी नहीं है। यह मामला सामान्य नहीं, बल्कि सरकारी रिकॉर्ड में बड़े पैमाने का घोटाला है, जिसका सीधा असर जनता के अधिकारों पर पड़ता है। ऐसे में इस पूरे प्रकरण की गहन जांच आवश्यक है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किसने और किस स्तर पर सरकारी रिकॉर्ड से छेड़छाड़ की है।