भोपाल: मध्यप्रदेश में भाजपा संगठन को और मजबूत बनाने के लिए पार्टी ने मोर्चा और प्रकोष्ठों को सक्रिय करने की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन विस्तार, सामाजिक संपर्क, सरकारी योजनाओं का प्रचार और आगामी सेवा दूत अभियान को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
समाज और सरकार के बीच सेतु बनें मोर्चा-प्रकोष्ठ
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि मोर्चा और प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण इकाइयां हैं। इनकी जिम्मेदारी केवल केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना नहीं, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों से मिलने वाले सुझावों और समस्याओं को भी सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मोर्चा और प्रकोष्ठ अपने क्षेत्र में नीति एवं शोध से जुड़ी टीम तैयार करे और योजनाओं के क्रियान्वयन का अध्ययन कर सरकार को तथ्यात्मक सुझाव दे।
उन्होंने मेडिकल कैंप, सामाजिक जागरूकता अभियान और सेवा गतिविधियों को मंडल स्तर तक संचालित करने की बात कही। साथ ही किसान, युवा, महिला और अन्य सामाजिक वर्गों के लिए अलग-अलग डिजिटल एवं सोशल मीडिया नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया।
हेमंत खण्डेलवाल ने सामाजिक संवाद बढ़ाने पर दिया जोर
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों और कार्यक्रमों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच लगातार संवाद और संपर्क से आती है। मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझें तथा पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता का प्रयास संगठन की प्रतिष्ठा, विश्वसनीयता और जनस्वीकार्यता बढ़ाने वाला होना चाहिए। खेलकूद प्रकोष्ठ को मंडल और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित करने, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ को कलाकारों को मंच देने और सहकारिता प्रकोष्ठ को डेयरी, मत्स्य पालन एवं सहकारी संस्थाओं से संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए।
चिकित्सा प्रकोष्ठ को आयुष्मान भारत योजना के तहत पंजीकृत अस्पतालों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने, शिक्षा प्रकोष्ठ को निजी विद्यालयों से संपर्क बढ़ाने और व्यापारी प्रकोष्ठ को रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि संगठन को प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए नियमित बैठकें, प्रवास, प्रशिक्षण और सुनियोजित कार्ययोजना जरूरी है। सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ अपने-अपने क्षेत्र के अनुसार वार्षिक कार्ययोजना और कार्यक्रम कैलेंडर तैयार करें।
उन्होंने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और नए मतदाताओं से संपर्क के लिए विशेष टीमें बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, सामाजिक संगठनों और प्रभावशाली व्यक्तियों से लगातार संवाद बनाए रखने की बात कही।
यह भी पढ़ें: सिवनी होटल वायरल वीडियो मामला: निलंबन के बाद अब पुलिस अधिकारियों पर FIR की मांग, राज्यपाल-CM को सौंपा आवेदन
1 से 25 दिसंबर तक चलेगा सेवा दूत अभियान
बैठक में आगामी 1 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले सेवा दूत अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। चंद्रशेखर ने सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और संगठन विस्तार को गति दी जाएगी।
अभियान के दौरान स्वच्छता, नशामुक्ति, कुपोषण, टीबी और एनीमिया मुक्त भारत जैसे विषयों पर सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा के 25 वर्षों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यालय प्रभारी डॉ. निशांत खरे, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, मोर्चा प्रदेश प्रभारी मनोरंजन मिश्रा, प्रकोष्ठ संकुल प्रदेश समन्वयक आशुतोष तिवारी सहित किसान, महिला, युवा, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

