Wednesday, November 11, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबैंक हड़ताल से पहले रविवार को खुलीं 7 हजार शाखाएं, कल से...

बैंक हड़ताल से पहले रविवार को खुलीं 7 हजार शाखाएं, कल से 40 हजार बैंककर्मी हड़ताल पर; निपटा लें जरूरी काम

भोपाल। मध्यप्रदेश में 5-डे बैंकिंग वीक की मांग को लेकर बैंककर्मियों की तीन दिवसीय हड़ताल सोमवार यानी 28 सितंबर से शुरू होगी। हड़ताल के चलते 28, 29 और 30 सितंबर को बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की संभावना है। हड़ताल से पहले ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए रविवार को भी बैंक शाखाएं खोली गईं, जहां सामान्य दिनों की तरह बैंकिंग कामकाज किया गया।

मध्यप्रदेश में करीब 40 हजार बैंककर्मी इस देशव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। प्रदेश में करीब 7 हजार बैंक शाखाएं हैं। इनमें भोपाल की करीब 400, इंदौर की 800 और उज्जैन की करीब 300 शाखाएं शामिल हैं। हड़ताल के दौरान अधिकांश शाखाओं में ताले लटकने की स्थिति बन सकती है।

आज खुले बैंक, ग्राहकों को जरूरी काम निपटाने का मौका

लगातार पांच दिन बैंक बंद रहने की स्थिति से बचने के लिए रविवार को बैंक शाखाएं खोलने का निर्णय लिया गया। शनिवार और रविवार की छुट्टी के बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में ग्राहकों के पास रविवार को जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका रहा।

रविवार को बैंक शाखाओं के साथ करेंसी चेस्ट भी चालू रहे। ग्राहकों ने नकद जमा-निकासी और अन्य जरूरी काम निपटाए।

हड़ताल में कौन-कौन सी सेवाएं प्रभावित होंगी?

हड़ताल के दौरान नकद जमा और निकासी, चेक जमा एवं क्लियरिंग, बैंक ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट सहित शाखाओं से जुड़े कई काम प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई जैसी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहने की उम्मीद है।

बैंक अधिकारियों के ऊंचे स्तर के कर्मचारी शाखाओं में मौजूद रह सकते हैं, लेकिन पर्याप्त स्टाफ के अभाव में ग्राहकों को नियमित शाखा सेवाएं उपलब्ध कराने में परेशानी आ सकती है।

सितंबर में दूसरी बार प्रभावित होगी बैंकिंग सेवा

सितंबर में बैंकिंग सेवाओं पर इससे पहले भी असर पड़ा था। 11, 12 और 13 सितंबर को हड़ताल और अवकाश के कारण बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहा था। अब एक बार फिर तीन दिन की हड़ताल से बैंकिंग व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।

मध्यप्रदेश में प्रतिदिन हजारों करोड़ रुपये का बैंकिंग लेन-देन होता है। ऐसे में लगातार तीन दिन बैंक शाखाओं के बंद रहने से नकद लेन-देन और चेक क्लियरिंग जैसे कामों पर असर पड़ सकता है।

क्या है 5-डे बैंकिंग वीक की मांग?

बैंक यूनियन लंबे समय से बैंकों में हर शनिवार और रविवार साप्ताहिक अवकाश लागू करने की मांग कर रही हैं। फिलहाल बैंकों में महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है, जबकि अन्य शनिवार को बैंक खुले रहते हैं।

यूनियनों की मांग है कि बैंकिंग व्यवस्था में सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिन कामकाज हो और शनिवार-रविवार साप्ताहिक अवकाश रहे। इसके लिए काम के कुल घंटों में संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना करीब 40 मिनट अतिरिक्त काम करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।

बैंक यूनियनों का तर्क है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होने के बाद अतिरिक्त कार्य समय के जरिए साप्ताहिक काम के कुल घंटों में संतुलन कायम किया जा सकता है।


RELATED ARTICLES

ई-पेपर

8 to 14 November 2026
1 to 7 November 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन