पटना: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चली। निर्धारित समय तक मतदान केंद्रों पर पहुंच चुके सभी मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर दिया गया।
मतदान समाप्त होने के बाद सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को सील कर कड़ी सुरक्षा के बीच AN कॉलेज स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया। अब 3 अगस्त 2026 को मतगणना के साथ यह तय होगा कि बांकीपुर की जनता ने किस उम्मीदवार पर भरोसा जताया है।
कई बूथों पर दिखा उत्साह
मतदान के दौरान कई केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालांकि शुरुआती रुझानों के अनुसार, मतदान प्रतिशत को लेकर अंतिम तस्वीर चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़े जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। देर शाम फाइनल वोटिंग प्रतिशत जारी होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें-
Anti Paper Leak Bill: लोकसभा के बाद राज्यसभा में पेश हुआ संशोधन विधेयक
हाई-प्रोफाइल मुकाबले पर पूरे बिहार की नजर
इस उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुकाबले में सबसे अधिक चर्चा जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की प्रत्याशी रेखा गुप्ता को लेकर रही। वहीं, जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी सहित कुछ प्रत्याशियों का नामांकन रद्द हो गया था, जबकि एक उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया था।
AN कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम में कड़ी सुरक्षा
मतदान खत्म होने के बाद पोलिंग पार्टियां सुरक्षा बलों की निगरानी में EVM लेकर AN कॉलेज पहुंचीं, जहां मशीनों को स्ट्रॉन्ग रूम में सील कर सुरक्षित रखा गया। मतगणना तक यहां बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
अब सभी की निगाहें 3 अगस्त पर टिकी हैं, जब मतगणना के साथ यह साफ होगा कि बांकीपुर उपचुनाव में जीत का ताज किसके सिर सजेगा।

