भोपाल: गणेशोत्सव से पहले ही राजधानी में बप्पा के स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार दोपहर से शहर के अलग-अलग इलाकों में मूर्तिकारों के यहां से गणेश प्रतिमाओं की रवानगी शुरू हुई। भक्त सजधज कर गणपति प्रतिमाएं लेने पहुंचे और जयकारों के बीच उन्हें अपने स्थापना स्थल की ओर लेकर रवाना हुए।
प्रतिमाओं की रवानगी के साथ ही भोपाल में गणेशोत्सव का रंग गहराने लगा है। शहर के कई इलाकों में ढोल-नगाड़ों के साथ भक्तों की चहल-पहल नजर आई। अब अगले दो दिनों में बड़ी संख्या में प्रतिमाएं पंडालों और घरों तक पहुंचेंगी।
1000 से ज्यादा जगह विराजेंगे बप्पा
राजधानी में इस बार 1000 से ज्यादा स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की तैयारी है। गणेश उत्सव समितियां पंडाल, रोशनी और सजावट को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। कई स्थानों पर आकर्षक प्रवेश द्वार और अलग-अलग थीम पर सजावट की जा रही है।
घर-घर भी गणपति स्थापना की तैयारियां चल रही हैं। प्रतिमाओं की रवानगी शुरू होने के साथ ही शहर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजने लगे हैं।
भक्त खुद लेने पहुंच रहे प्रतिमाएं
मूर्तिकारों के यहां अब दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी हुई है। कई श्रद्धालु परिवार के साथ तो कई समितियों के सदस्य सजधज कर गणपति प्रतिमाएं लेने पहुंच रहे हैं। प्रतिमा को वाहन में विराजित करने के बाद जयकारों के बीच उसे स्थापना स्थल तक ले जाया जा रहा है।
यह भी पढ़े:57 खंडपीठों में 10,757 लंबित और 80,500 प्री-लिटिगेशन प्रकरण निराकरण के लिए रखे गए
प्रतिमाओं के दाम भी बढ़े
इस बार गणेश प्रतिमाओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। मूर्तिकारों के मुताबिक मिट्टी, बांस, रंग-रोगन, सजावटी सामग्री और मजदूरी महंगी होने से बड़ी और विशेष डिजाइन वाली प्रतिमाएं पिछले साल के मुकाबले करीब 2 से 10 हजार रुपये तक महंगी हुई हैं।
14 सितंबर से शुरू होगा उत्सव
गणेश चतुर्थी के साथ 14 सितंबर से दस दिवसीय गणेशोत्सव शुरू होगा। स्थापना से पहले बचे दिनों में प्रतिमाओं की रवानगी और पंडालों की तैयारियां तेज हो गई हैं। अब जैसे-जैसे गणपति प्रतिमाएं घरों और पंडालों तक पहुंचेंगी, राजधानी में उत्सव का रंग और गहरा होता जाएगा।

