बालाघाट: जिले में एक बार फिर ट्रेन से वन्य जीव की मौत का मामला सामने आया है। बालाघाट-समनापुर रेल रूट पर सोनबीरी नाले के पास एक भालू ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भालू का सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि यह हादसा रात के समय हुआ है। लेकिन किस ट्रेन से हादसा हुआ और सही समय क्या था, इसका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
यह भी पढ़ें: वारासिवनी में नहर से मिला इंडियन गौर का शव, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही वन विकास निगम लामता की टीम मौके पर पहुंची। लेकिन टीम ने बिना ज्यादा जानकारी दिए ही आनन-फानन में भालू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसी बात को लेकर अब वन विभाग पर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग ने यह तक नहीं बताया कि मरा हुआ भालू नर था या मादा, उसकी उम्र कितनी थी और इस मामले में क्या कानूनी कार्रवाई की गई है।
इतनी जल्दीबाजी में शव को ठिकाने लगाने और जानकारी छिपाने से लोगों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। आखिर विभाग ऐसा क्या छिपा रहा है?

