मुबंई: यूट्यूबर और एक्टर भुवन बाम आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। ‘BB Ki Vines’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाले भुवन ने कॉमेडी की दुनिया से निकलकर एक्टिंग में भी अपनी खास पहचान बनाई है। हालांकि, यहां तक पहुंचने का उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं था। हाल ही में उन्होंने अपने शुरुआती दिनों का एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर हंसी भी आएगी और उनके संघर्ष की झलक भी मिलेगी।
माता-पिता को मनाने के लिए मांगे थे सिर्फ दो साल
भुवन बाम ने बताया कि करियर के शुरुआती दौर में उनके माता-पिता चाहते थे कि वह एक नियमित नौकरी करें। उनसे बैंक के फॉर्म भरने और नौकरी की तैयारी करने की उम्मीद की जाती थी, लेकिन भुवन का मन यूट्यूब पर कुछ अलग करने का था। उन्होंने अपने माता-पिता से कहा कि उन्हें सिर्फ दो साल का वक्त दिया जाए। अगर इन दो सालों में वह कुछ हासिल नहीं कर पाए, तो उसके बाद वह वही करेंगे जो उनके माता-पिता कहेंगे।
‘BB Ki Vines’ धीरे-धीरे लोगों के बीच लोकप्रिय होने लगा। देखते ही देखते उनके चैनल ने करीब छह लाख सब्सक्राइबर का आंकड़ा पार कर लिया। यही वह दौर था, जब उनके माता-पिता को भी समझ आने लगा कि भुवन का फैसला शायद सही था।
सरोजिनी नगर में हुआ अजीबोगरीब कांड
भुवन के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक मजेदार किस्सा दिल्ली के सरोजिनी नगर मार्केट का है। वह अपनी मां को शॉपिंग कराने वहां गए थे। मां के साथ समय बिताने का यह साधारण-सा प्लान अचानक तब बदल गया, जब कुछ लोगों ने भुवन को पहचान लिया। धीरे-धीरे उनके आसपास लोगों की भीड़ जमा होने लगी। भुवन की मां यह देखकर हैरान थीं कि आखिर इतनी भीड़ उनके बेटे के आसपास क्यों इकट्ठा हो रही है।
हालात ऐसे बने कि पुलिस को भी वहां पहुंचना पड़ा। लेकिन पुलिस ने भुवन को पहचानने के बजाय उन्हें कुछ और ही समझ लिया।
यह भी पढ़े: मायावती का बड़ा फैसला, आकाश आनंद को राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाया
पुलिस ने समझ लिया जेबकतरा!
भुवन ने बताया कि उस समय उनके बाल काफी लंबे थे और वह सिर पर बैंडाना बांधकर घूमते थे। उनके लुक की वजह से पुलिस को उन पर शक हो गया और उन्हें लगा कि शायद भुवन ने किसी की जेब काटी है। भुवन ने पुलिस को समझाने की कोशिश की कि वह जेबकतरे नहीं, बल्कि यूट्यूबर हैं। अपनी बात साबित करने के लिए उन्होंने पुलिसवालों को अपने कुछ वीडियो भी दिखाए। उधर, बाहर खड़ी भीड़ लगातार उनका नाम पुकार रही थी। आखिरकार पुलिस को यकीन हुआ कि भुवन सच में यूट्यूबर हैं और उन्हें वहां से जाने दिया गया।
मां की मुस्कान ने बता दिया कि बेटा सही था
इस पूरे किस्से का सबसे भावुक हिस्सा तब आया, जब भुवन अपनी मां के साथ वहां से वापस लौट रहे थे। गाड़ी चलाते समय उन्होंने रियरव्यू मिरर में अपनी मां को देखा। उनकी मां मुस्कुरा रही थीं। भुवन के लिए यह मुस्कान बेहद खास थी।
शायद उस दिन उनकी मां को पहली बार पूरी तरह एहसास हुआ कि जिस रास्ते को लेकर वह कभी चिंतित थीं, उसी रास्ते पर उनका बेटा अपनी पहचान बना रहा है। जिस यूट्यूब करियर को लेकर परिवार को संदेह था, उसी ने भुवन को लाखों लोगों तक पहुंचा दिया।
‘द रिवोल्यूशनरीज’ में नजर आएंगे भुवन
![]()
वर्कफ्रंट की बात करें तो भुवन बाम जल्द ही निखिल आडवाणी की पीरियड ड्रामा सीरीज ‘द रिवोल्यूशनरीज’ में नजर आएंगे। इस सीरीज में उनके साथ प्रतिभा रांटा, रोहित सराफ और गुरफतेह पीरजादा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

