मुबंई: मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल की नई फिल्म को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर है। फिल्म L367 के टाइटल का खुलासा हो गया है। विष्णु मोहन के निर्देशन में बनी इस फिल्म का नाम ‘ऑपरेशन गंगा: ए नेशन्स प्रॉमिस’ रखा गया है। फिल्म के नाम के सामने आने के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रेस्क्यू मिशन की कहानी
फिल्म की कहानी रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों और खासतौर पर छात्रों को सुरक्षित निकालने के भारत के रेस्क्यू मिशन से प्रेरित है। युद्ध के बीच भारतीय छात्रों को घर वापस लाने के लिए चलाया गया यह अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण था। फिल्म इसी मिशन को इमोशन, ड्रामा और एक्शन के साथ बड़े पर्दे पर पेश करेगी।
मोहनलाल के साथ नजर आएंगे ये सितारे
फिल्म में मोहनलाल मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। उनके साथ अर्जुन रामपाल, भाग्यश्री बोर्से, आदिल हुसैन और पार्थिबन जैसे कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं। नेशनल अवॉर्ड विनर विष्णु मोहन फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं।
टेक्निकल टीम भी है बेहद खास
‘ऑपरेशन गंगा’ की तकनीकी टीम भी फिल्म की खासियत है। सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी मिरोस्लाव कुबा ब्रोजेक के पास है, जबकि प्रोडक्शन डिजाइन राजीवन संभाल रहे हैं। एक्शन को सी यंग ओह डिजाइन कर रहे हैं। वहीं फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव तैयार कर रहे हैं।
इसके अलावा एडिटिंग, साउंड और वीएफएक्स के लिए भी अनुभवी तकनीशियनों को जोड़ा गया है। फिल्म में मिलिट्री एडवाइजर की भूमिका स्क्वाड्रन लीडर वरलिन पंवार निभा रहे हैं, जिससे कहानी को ज्यादा वास्तविक बनाने की कोशिश की गई है।
बड़े पर्दे पर दिखेगा भारत का साहस
गोकुलम गोपालन के प्रोडक्शन में बन रही यह फिल्म भारत के एक महत्वपूर्ण रेस्क्यू मिशन को सिनेमाई अंदाज में दिखाने वाली है। मोहनलाल की मौजूदगी, मजबूत स्टारकास्ट और बड़े स्तर की तकनीकी टीम के कारण ‘ऑपरेशन गंगा: ए नेशन्स प्रॉमिस’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

