भोपाल: राजधानी भोपाल में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के लिए बुधवार सुबह से ही लोग सभा स्थल अटल पथ पर जुटे। पदयात्रा सभा के बाद रोशनपुरा चौराहे तक जाएगी। मंच पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मौजूद रहे।
थर्ड जेंडर समुदाय के लोग और मुस्लिम महिलाएं भी बड़ी संख्या में इस पदयात्रा में शामिल हैं। इस दौरान मुस्लिम महिलाओं ने तीन तलाक लिखे बैनर लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद बैनर एक तरफ रख दिए गए। भाजपा ने भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से करीब एक लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है, जबकि ट्रैफिक पुलिस ने 40 से 50 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान जताया है।
हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी पर कसा तंज
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राहुल गांधी पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस आज तक कोई सबूत नहीं दे पाए। कर्नाटक में भी आरोप लगाने के 477 दिन बाद तक जवाब नहीं दिया गया।
सीएम बोले- न्यायपालिका के फैसलों की धज्जियां उड़ाने वाले ही सवाल उठा रहे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि न्यायपालिका के फैसलों की धज्जियां उड़ाने वाले ही आज सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की बात करने से पहले कांग्रेस को अपने रवैये पर विचार करना चाहिए। वहीं, बीजेपी की ओर से इस पदयात्रा के जरिए कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक संदेश देने की तैयारी है। इस दौरान बीजेपी नेताओं ने भी कांग्रेस पर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है
कांग्रेस विदेशी ताकतों के सहयोग से भारत को अस्थिर करने का काम कर रही
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि कांग्रेस विदेशी ताकतों के सहयोग से भारत को अस्थिर करने का काम कर रही है। इसी अराजकता के विरोध में भोपाल और आसपास के नागरिकों के साथ विभिन्न समाजों के लोग पदयात्रा में शामिल हुए हैं।

