भोपाल: मध्यप्रदेश में भाजपा एक दिसंबर से सेवा दूत अभियान शुरू करने जा रही है। 25 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे। अभियान शुरू होने से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां और कार्ययोजना समझाने के लिए तीन संभागों में कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। बुधवार को भोपाल में पहली कार्यशाला हुई, जबकि अगले दो दिनों में जबलपुर और इंदौर में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समर्पित कार्यकर्ता को सेवा दूत की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। बड़ी भौगोलिक और ग्रामीण विधानसभा सीटों पर जरूरत के मुताबिक दो कार्यकर्ताओं को भी यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।
सेवा के साथ बूथों की स्थिति का लेंगे फीडबैक
अभियान के दौरान सेवा दूत अपने निर्धारित विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर स्थानीय जरूरतों के अनुसार सेवा गतिविधियां संचालित करेंगे। इसके साथ ही वे बूथ स्तर पर संगठन की स्थिति का आकलन भी करेंगे। कार्यकर्ताओं की सक्रियता, संगठन की पहुंच और पार्टी की जमीनी स्थिति की जानकारी जुटाई जाएगी।
सेवा दूतों से मिले फीडबैक के आधार पर संगठन की कमजोरियों की पहचान की जाएगी। इसके बाद बूथों को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: छतरपुर में रिश्वतखोर पटवारी को 3 साल की सजा, किसान से मांगे थे 10 हजार रुपये
तीन संभागों में हो रही कार्यशालाएं
अभियान की तैयारियों के तहत भोपाल, जबलपुर और इंदौर संभाग में कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें सेवा दूतों और विधानसभा समन्वयकों को अभियान के उद्देश्य, जिम्मेदारियों और काम करने के तरीके की जानकारी दी जा रही है।
खंडेलवाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ सेवा गतिविधियां संचालित करना नहीं है, बल्कि सेवा, जनसंपर्क और संगठन विस्तार को एक साथ आगे बढ़ाना है। पार्टी की कोशिश है कि एक दिसंबर से अभियान शुरू होते ही प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर सेवा दूत पूरी सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

