भोपाल:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर भाजपा 17 सितंबर से 20 यात्राएं निकालने की तैयारी कर रही है। पार्टी के मुताबिक 10 यात्राएं वड़नगर से वाराणसी और 10 वाराणसी से वड़नगर की ओर जाएंगी।यात्राओं के रूट इस तरह तैयार किए जा रहे हैं कि एक यात्रा का मार्ग दूसरी यात्रा से न टकराए। मध्यप्रदेश में अलग-अलग रूट के जरिए सभी 55 जिलों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया है।इन यात्राओं के गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा और दिल्ली से गुजरने की तैयारी है। पार्टी स्तर पर रूट और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम जारी है।
13 रूट फाइनल, MP में नेताओं को जिम्मेदारी
भाजपा के अनुसार अब तक 13 रूट तय किए जा चुके हैं, जबकि बाकी रूट पर मंथन जारी है। मध्यप्रदेश में यात्राओं के संचालन और व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं।पार्टी यात्राओं को जनसंपर्क के साथ सेवा गतिविधियों और जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दे रही है। स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनके सुझाव दर्ज करने की भी व्यवस्था की जाएगी।
’25 आइकॉन’ में स्थानीय लोगों की कहानियां होंगी शामिल
यात्रा के दौरान प्रत्येक प्रमुख पड़ाव से किसान, शिक्षक, महिला उद्यमी, युवा या खिलाड़ी जैसे स्थानीय लोगों को ’25 आइकॉन’ अभियान के तहत चुना जाएगा।इनमें से 25 लोगों की वीडियो कहानियां तैयार कर नमो ऐप पर प्रदर्शित करने की तैयारी है। इसके अलावा ‘चिट्ठी 2047 के नाम’ अभियान के जरिए लोगों से 2047 तक अपने क्षेत्र को लेकर उनकी अपेक्षाएं और सुझाव लिए जाएंगे।’मेरे लिए भारत की प्रगति…’ जनवाणी के तहत भी नागरिकों की राय रिकॉर्ड की जाएगी। इन रिकॉर्डिंग को वाराणसी में एक लघु फिल्म के रूप में प्रस्तुत करने का प्रस्ताव है।
शहीदों के गांवों से मिट्टी जुटाई जाएगी
जिन क्षेत्रों का संबंध स्वतंत्रता सेनानियों या स्थानीय शहीदों से रहा है, वहां उनके गांव, स्मारक या समाधि स्थल की मिट्टी कलश में एकत्र की जाएगी। इस मिट्टी को वाराणसी में होने वाले मुख्य कार्यक्रम में अर्पित किया जाएगा।चयनित पड़ावों पर चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। यहां सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच के साथ परामर्श भी दिया जाएगा। सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवेदन में सहायता के लिए पंजीकरण एवं सहायता डेस्क भी लगाए जाएंगे।

