बालाघाट: हट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहारा और परासपानी सड़क के बीच मंगलवार को एक 20 वर्षीय युवक का लहूलुहान शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नाहरवानी निवासी रियांश पिता दिनेश चौहान के रूप में हुई है। युवक का शव पूरी रात घटनास्थल पर पड़ा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वहीं, मृतक के पिता ने बेटे की मौत को सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए साजिश के तहत हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
दोस्त का एक्टिवा लेकर मंडई देखने गया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार रियांश परासपानी गांव में आयोजित मंडई कार्यक्रम देखने के लिए अपने दोस्त का एक्टिवा लेकर गया था। रात करीब 10 बजे उसकी परिजनों से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। इस दौरान उसने बताया था कि वह दोस्तों के साथ है और जल्द ही घर लौट आएगा। इसके बाद रात करीब 3:30 बजे परिजनों को हट्टा पुलिस की ओर से उसके एक्सीडेंट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पहुंचे, जहां रियांश मृत अवस्था में मिला।
पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी दीपक तोमर, हट्टा थाना प्रभारी शैलेन्द्र पटेल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। मंगलवार को एफएसएल टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पिता ने जताई सुनियोजित हत्या की आशंका
मृतक के पिता दिनेश चौहान ने बेटे की मौत को महज दुर्घटना मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि जिस परिस्थिति में बेटे का शव मिला है, उससे मामला सामान्य सड़क हादसा प्रतीत नहीं होता। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी साजिश के तहत रियांश की हत्या की गई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: बजट 2027-28 की तैयारी शुरू, सीतारमण ने अर्थशास्त्रियों से मांगे सुझाव; 1 फरवरी को होगा पेश
बीएससी एग्रीकल्चर का छात्र था रियांश
बताया गया है कि रियांश अपने भाई के साथ जिले के सरदार पटेल कॉलेज में बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रहा था। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हट्टा थाना प्रभारी शैलेन्द्र पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

