भावनगर: गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में छोड़ दिया। तलाजा तालुका के ट्रापज गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बोलेरो बुरी तरह पिचक गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
काम पर जाने निकले थे, रास्ते में मौत ने घेरा
पुलिस के अनुसार, बोलेरो में सवार सभी लोग भावनगर से अलंग स्थित शिपयार्ड में काम करने जा रहे थे। सुबह करीब 10 बजे भावनगर-सोमनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस रोड पर ट्रापज गांव के पास उनकी गाड़ी खड़े ट्रेलर से टकरा गई।
चंद सेकंड में हुए इस हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। टक्कर के बाद बोलेरो के अंदर लोग बुरी तरह फंस गए। वाहन इतना क्षतिग्रस्त हो गया था कि राहत टीम को लोहे की सरियों की मदद से दरवाजे खोलकर लोगों को बाहर निकालना पड़ा।
यह भी पढ़ें: धार में 42% कम बारिश से किसान संकट में, उमंग सिंघार ने CM मोहन को लिखी चिट्ठी; सूखा घोषित करने की मांग
मौके पर मचा चीख-पुकार का मंजर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। छह लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी। एक घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
पुलिस ने सभी शवों को भावनगर के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। वहां पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर सर्विस रोड पर किस स्थिति में खड़ा था और बोलेरो की रफ्तार कितनी थी, इन पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

