मुंबई: महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर की यादों को सहेजने के लिए एक खास पहल की है। उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के शरद पवार क्रिकेट म्यूजियम को अपने 26 ऐतिहासिक बल्ले और कई अन्य यादगार चीजें भेंट की हैं। इनका अनावरण 16 नवंबर 2026 को विशेष कार्यक्रम में किया जाएगा। बल्लों को म्यूजियम में ‘बैटोग्राफी’ नाम से तैयार किए गए विशेष सेक्शन में प्रदर्शित किया जाएगा।
इस संग्रह में वे बल्ले भी शामिल हैं, जिनसे तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 शतक पूरे किए थे। इन बल्लों के जरिए उनके क्रिकेट करियर के महत्वपूर्ण पड़ावों और ऐतिहासिक उपलब्धियों की कहानी दिखाई जाएगी।
हेलमेट, जर्सी और नोट्स भी होंगे प्रदर्शित
26 बल्लों के अलावा प्रदर्शनी में सचिन के करियर से जुड़ी कई अन्य व्यक्तिगत वस्तुएं भी रखी जाएंगी। इनमें उनके हेलमेट, जर्सी और कुछ महत्वपूर्ण नोट्स शामिल हैं। इस संग्रह के जरिए क्रिकेट प्रशंसकों को उन उपकरणों को करीब से देखने का मौका मिलेगा, जिनके साथ सचिन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड बनाए।
संन्यास के 13 साल बाद खास तारीख पर आयोजन
16 नवंबर की तारीख सचिन के क्रिकेट करियर से भी खास जुड़ाव रखती है। 13 साल पहले इसी दिन उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना 200वां टेस्ट मैच खेला था। इसके साथ ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। अब इसी तारीख पर उनके बल्लों से जुड़ी विशेष प्रदर्शनी का अनावरण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: एमपी शिक्षक पात्रता परीक्षा: 15 दिसंबर से डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड, 20 को होगी परीक्षा
MCA अध्यक्ष बोले- आने वाली पीढ़ियों को मिलेगी प्रेरणा
MCA अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि सचिन तेंदुलकर का भारतीय और विश्व क्रिकेट में योगदान उनके रिकॉर्ड से कहीं अधिक है। उनका सफर लाखों प्रशंसकों की यादों में बसा है और ये बल्ले उनके करियर की सबसे खास निशानियां हैं।
उन्होंने कहा कि ‘बैटोग्राफी’ के जरिए म्यूजियम में एक नया आयाम जुड़ रहा है। दर्शक उन ऐतिहासिक उपलब्धियों के पीछे की कहानियों को उन बल्लों के माध्यम से समझ सकेंगे, जिनसे सचिन ने उन्हें हासिल किया था। MCA ने इन यादगार वस्तुओं को साझा करने के लिए सचिन का आभार जताया है।
इस पहल का उद्देश्य सचिन तेंदुलकर की क्रिकेट विरासत को संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों को उनके असाधारण सफर से परिचित कराना है।

