Saturday, October 31, 2026
Contact: +91 97559 93555
Email: tathyawani@gmail.com
spot_img
Hometrending newsबॉलीवुड निर्देशक संजय गुप्ता का निधन, ‘कांटे’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ से...

बॉलीवुड निर्देशक संजय गुप्ता का निधन, ‘कांटे’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ से मिली पहचान

मुंबई: बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से शनिवार को एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता का निधन हो गया। उन्होंने कांटे, काबिल, शूटआउट एट लोखंडवाला, मुंबई सागा और जिंदा जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन किया था। उनके अचानक निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय गुप्ता का शव मुंबई के वर्सोवा स्थित उनके घर के किचन में मिला। बताया जा रहा है कि 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात वह किचन में गिर गए थे, जिससे उनके सिर में चोट आई। इसके बाद उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज की आकस्मिक मौत की रिपोर्ट

मुंबई पुलिस के मुताबिक, वर्सोवा पुलिस स्टेशन को शनिवार सुबह फिल्ममेकर के घर पर अचानक मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने ADR (Accidental Death Report) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और फॉरेंसिक जांच भी जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिवार ने फिलहाल किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया है और न ही कोई शिकायत दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत से जुड़ी परिस्थितियों की पूरी जानकारी सामने आएगी।

संजय दत्त हुए भावुक, बोले- कांटे 2 बनाकर सपना पूरा करूंगा

संजय गुप्ता के निधन से अभिनेता संजय दत्त भी बेहद भावुक हैं। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया था और उनकी दोस्ती काफी पुरानी थी।

संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर फिल्म ‘कांटे’ के सेट की पुरानी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उनका भाई उन्हें छोड़कर चला गया। उन्होंने साथ बिताए पलों और पुरानी यादों को याद किया।

संजय दत्त ने बताया कि कुछ दिन पहले ही दोनों की ‘कांटे 2’ को लेकर बातचीत हुई थी। उन्होंने वादा किया कि वह संजय गुप्ता की याद में इस फिल्म को बनाने की हर संभव कोशिश करेंगे।

इन फिल्मों से बनाई थी बॉलीवुड में पहचान

संजय गुप्ता ने बॉलीवुड में एक्शन, क्राइम और गैंगस्टर ड्रामा फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनकी फिल्मों में दमदार कहानी, एक्शन और अलग तरह की प्रस्तुति देखने को मिलती थी।

उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं:

  •  आतिश: फील द फायर(1994)
  • कांटे (2002)
  • मुसाफिर (2004
  • जिंदा (2006
  • शूटआउट एट लोखंडवाला (2007)
  • काबिल (2017)
  • मुंबई सागा (2021)

ऋतिक रोशन और यामी गौतम स्टारर ‘काबिल’ भी उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल रही।

संजय दत्त के साथ रही खास दोस्ती

संजय गुप्ता और संजय दत्त की जोड़ी ने बॉलीवुड को कई यादगार फिल्में दीं। दोनों ने पहली बार 1994 में फिल्म ‘आतिश’ में साथ काम किया था। इसके बाद ‘कांटे’, ‘मुसाफिर’, ‘जिंदा’ और ‘खौफ’ जैसी फिल्मों में भी दोनों साथ नजर आए।

हालांकि, साल 2007 में दोनों के बीच व्यावसायिक मतभेदों के कारण दूरी आ गई थी। करीब चार साल तक दोनों ने एक-दूसरे से बातचीत नहीं की। बाद में 2012 में अमिताभ बच्चन की जन्मदिन पार्टी में दोनों की मुलाकात हुई और पुरानी दोस्ती फिर से बहाल हो गई।

यह भी पढ़ें: पंजाब चुनाव: AAP ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, सभी मौजूदा विधायकों को टिकट

फिल्म इंडस्ट्री के सितारों ने दी श्रद्धांजलि

संजय गुप्ता के निधन की खबर सामने आने के बाद कई बॉलीवुड कलाकारों और फिल्ममेकर ने उन्हें याद किया। सुनील शेट्टी, कंगना रनोट, मीका सिंह, अनुपम खेर, हंसल मेहता और अशोक पंडित समेत कई लोगों ने सोशल मीडिया पर दुख जताया।

मीका सिंह ने उन्हें अपना गॉडफादर बताया और कहा कि बॉलीवुड में उन्हें पहला मौका संजय गुप्ता ने ही दिया था। वहीं हंसल मेहता ने उन्हें अपना करीबी दोस्त बताते हुए भावुक पोस्ट साझा की।

संजय गुप्ता के अचानक चले जाने से बॉलीवुड ने एक ऐसे फिल्ममेकर को खो दिया, जिन्होंने क्राइम और एक्शन फिल्मों के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

ई-पेपर

25 to 31 October 2026
18 to 24 October 2026

शासकीय निविदाएं

विज्ञापन