नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर हाईकोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल जांच शुरू कर दी। सुनवाई भी स्थगित कर दी गई।
बम स्क्वॉड ने पूरे परिसर की ली तलाशी
धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद न्यायाधीशों, वकीलों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को परिसर से बाहर निकाल दिया गया। बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में अभी तक कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इसके बावजूद सुरक्षा के लिहाज से तलाशी अभियान जारी रखा गया।
तकनीकी टीम ईमेल भेजने वाले की तलाश में
पुलिस धमकी भरे ईमेल की जांच कर रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए तकनीकी टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
हाईकोर्ट प्रशासन ने कहा- स्थिति नियंत्रण में
दिल्ली हाईकोर्ट के जॉइंट सेक्रेटरी एडवोकेट कुणाल ने बताया कि धमकी फिलहाल झूठी लग रही है और स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि बम स्क्वॉड और स्निफर डॉग्स पूरे परिसर की जांच कर रहे हैं और अभी किसी खतरे की पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षा एजेंसियां धमकी को गंभीरता से लेते हुए सभी जरूरी सावधानियां बरत रही हैं।

