रिपब्लिक डे रिलीज पर ‘बॉर्डर 2’ का बॉक्स ऑफिस धमाका, लेकिन ‘गदर 2’ का नहीं टूटा रिकॉर्ड

शेयर करे

गणतंत्र दिवस वीकेंड पर रिलीज हुई वॉर फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार एंट्री मारी है। सनी देओल स्टारर इस फिल्म ने पहले ही दिन ऐसी कमाई की है कि कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, ओपनिंग डे के मामले में यह सनी देओल की ही सुपरहिट फिल्म ‘गदर 2’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी।

ओपनिंग डे पर छाया देशभक्ति का रंग

23 जनवरी को रिलीज हुई ‘बॉर्डर 2’ को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। 29 साल बाद आए इस सीक्वल को देखने के लिए सिनेमाघरों में भारी भीड़ देखने को मिली। देशभक्ति और युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म ने पहले दिन ही साफ कर दिया कि इसका क्रेज लंबे समय तक बना रहने वाला है।

बड़े सितारे, बड़ा असर

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ करीब 275 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार हुई है। फिल्म में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे सितारे नजर आते हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म में सबसे ज्यादा फीस सनी देओल (करीब 50 करोड़ रुपये) ने ली है। रिपब्लिक डे के मौके पर रिलीज होने का फायदा फिल्म को साफ तौर पर मिला है।

एडवांस बुकिंग से ही दिख गया था ट्रेंड

बता दें फिल्म ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग के जरिए 12.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था। इससे यह साफ हो गया था कि ओपनिंग डे पर ‘बॉर्डर 2’ अच्छा प्रदर्शन करने वाली है। रिलीज के बाद पहले ही दिन इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना ली।

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: डे 1

सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक – ‘बॉर्डर 2’ ने पहले दिन भारत में करीब 30 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं ओरिजिनल ‘बॉर्डर’ (1997) ने अपने ओपनिंग डे पर सिर्फ 1.10 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि उसका लाइफटाइम कलेक्शन 39.30 करोड़ रुपये रहा था। इस लिहाज से ‘बॉर्डर 2’ ने अपने पहले ही दिन इतिहास रच दिया है।

रिपब्लिक डे रिलीज़ में बना दूसरा बड़ा रिकॉर्ड

रिपब्लिक डे के मौके पर रिलीज हुई फिल्मों की ओपनिंग कमाई की बात करें तो:

  1. पठान – ₹55.00 करोड़
  2. बॉर्डर 2 – ₹30.00 करोड़
  3. फाइटर – ₹22.50 करोड़
  4. अग्निपथ – ₹22.80 करोड़
  5. रईस – ₹20.40 करोड़
  6. पद्मावत – ₹19.00 करोड़

इस लिस्ट में ‘बॉर्डर 2’ दूसरे नंबर पर पहुंच गई है,  और ‘फाइटर’ को पीछे छोड़ दिया गया।

धुरंधरको दी मात, लेकिन टॉप पोजिशन बाकी

रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ ने ओपनिंग डे पर करीब 28 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं ‘बॉर्डर 2’ ने इससे करीब 2 करोड़ रुपये ज्यादा कमाकर बढ़त बना ली। हालांकि, 2025 की सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड ‘छावा’ (31 करोड़ रुपये) के नाम अभी भी कायम है।

गदर 2’ का रिकॉर्ड क्यों नहीं टूट पाया?

सनी देओल अपनी ही ब्लॉकबस्टर ‘गदर 2’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए। ‘गदर 2’ की एडवांस बुकिंग: ₹17.50 करोड़ थी और ‘गदर 2’ ओपनिंग डे कलेक्शन: ₹40.10 करोड़ था। इसके मुकाबले ‘बॉर्डर 2’ एडवांस बुकिंग और पहले दिन की कमाई दोनों मामलों में पीछे रह गई।

आगे और बढ़ेगी कमाई?

ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो अभी फिल्म के पास लॉन्ग वीकेंड और 26 जनवरी की छुट्टी का पूरा फायदा उठाने का मौका है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में ‘बॉर्डर 2’ कई नए रिकॉर्ड बना सकती है और पुराने आंकड़े तोड़ सकती है।