रिश्वत का खेल उजागर, गोहद नगर पालिका में स्टेनो 20 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ाया

शेयर करे

भिंड। जिले की गोहद नगर पालिका में भ्रष्टाचार की एक और परत खुली है। लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए स्टेनो अवधेश यादव को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जिससे सरकारी दफ्तरों में लेन-देन की संस्कृति फिर सवालों में आ गई है।
प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा मामला भिंड जिले की गोहद नगर पालिका से सामने आया है, जहां पदस्थ स्टेनो अवधेश यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
फरियादी नासिर खान, जो बबलू टेंट हाउस के नाम से व्यवसाय करते हैं, ने शिकायत की थी कि नगर पालिका के आयोजनों में टेंट, कुर्सी और लाइट की व्यवस्था के बावजूद उनका भुगतान जानबूझकर रोका जा रहा था। कुल बकाया करीब 97 हजार रुपये था।
आरोप है कि स्टेनो ने भुगतान कराने के बदले 40 से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद 30 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। नासिर खान ने कलेक्टर, एसडीएम और सीएम हेल्पलाइन तक शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
इसके बाद लोकायुक्त ने टेप रिकॉर्डर से बातचीत का सत्यापन किया और रिश्वत मांगने की पुष्टि होते ही जाल बिछाया। 4 जनवरी को जैसे ही आरोपी ने 20 हजार रुपये लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया।
केमिकल टेस्ट में आरोपी के हाथ रंगे पाए गए। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई से नगर पालिका में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच शुरू हो गई है।