ओहायो: अमेरिका में एक बार फिर हिंदू मंदिर को निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया। ओहायो के रिचमंड हाइट्स में स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर पर अज्ञात लोगों ने ईंटें फेंकीं। घटना के समय मंदिर खाली नहीं था, बल्कि पुजारी और कुछ श्रद्धालु अंदर मौजूद थे।
घटना 2 अक्टूबर को स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। ईंटें लगने से मंदिर की खिड़कियों के शीशे टूट गए और परिसर के अंदर कांच के टुकड़े बिखर गए। फिलहाल किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
मंदिर में लगे सर्विलांस कैमरों में घटना रिकॉर्ड हुई है। अब अधिकारी इसी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने बताया कि FBI और नागरिक अधिकार अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी जा रही है।
अभी तक किसी संदिग्ध का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है और न ही किसी गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है।
हिंदू संगठन ने बताया संभावित हेट क्राइम
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने घटना को संभावित Hate Crime बताया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं Coalition of Hindus of North America ने भी स्थानीय प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करने की मांग की है।
अक्टूबर में मनाया जा रहा Hindu Heritage Month
यह घटना ऐसे समय हुई है जब अमेरिका में अक्टूबर को कई हिंदू संगठन Hindu Heritage Month के रूप में मना रहे हैं। इस दौरान हिंदू धर्म, संस्कृति, त्योहारों और परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
यह भी पढ़ें: बीमा के 70 लाख हड़पने के लिए पत्नी का कराया मर्डर
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
अमेरिका में हिंदू धार्मिक स्थलों पर तोड़फोड़ का यह पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ वर्षों में न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया सहित अलग-अलग जगहों से मंदिरों और हिंदू धार्मिक प्रतीकों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आई हैं।
- अगस्त 2022 में न्यूयॉर्क के क्वींस में श्री तुलसी मंदिर के बाहर महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था।
- दिसंबर 2023 में कैलिफोर्निया के नेवार्क स्थित स्वामीनारायण मंदिर पर आपत्तिजनक संदेश लिखे गए।
- सितंबर 2024 में न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया में BAPS मंदिरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आईं,
- मार्च 2025 में कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स स्थित BAPS मंदिर की दीवारों पर भी आपत्तिजनक संदेश लिखे गए थे।
अब ओहायो की घटना की जांच CCTV फुटेज के आधार पर आगे बढ़ रही है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि मंदिर पर ईंटें फेंकने वाले कौन थे और इसके पीछे उनका मकसद क्या था।

