लखनऊ: शहर में दबंगों की दबंगई इतनी बढ़ गई है कि उन्हें पुलिस का खौफ भी नहीं रह गया है। इसका उदाहरण देखने मिला नौबस्ता के ब्राह्मण टोला में, जहां दिनदहाड़े एक परिवार के 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में आरएसएस के पूर्व जिला सर कार्यवाह, उनके छोटे भाई और कारोबारी बेटा शामिल हैं। पिता और बेटे की मौके पर मौत हो गई, जबकि भाई ने ट्रॉमा सेंटर में दम तोड़ दिया।
नौबस्ता के ब्राह्मण टोला में रहने वाले शिवाजी तिवारी (62) सचिवालय के रिटायर्ड कर्मचारी थे। वह संघ के जिला सर कार्यवाह भी रह चुके हैं। उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभु लखनऊ यूनिवर्सिटी में काम करते थे। बेटे सुयश (30) का बिजली के सामान का कारोबार था। 5 दिसंबर को उसकी शादी होनी थी।
आरोपी ऋषभ शुक्ला से झगड़ा चल रहा था
शिवाजी का घर के सामने लगे बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनाने को लेकर पड़ोसी ऋषभ शुक्ला से झगड़ा चल रहा था। डेढ़ महीने पहले मामला थाने पहुंचा, जिसके बाद काम रुक गया था।
सोमवार को शिवाजी तिवारी के बेटे सुयश (30) ने उसी चबूतरे के पास अपनी कार खड़ी कर दी। थोड़ी देर बाद जब शंभु बाहर निकले, तो ऋषभ उनसे झगड़ा करने लगा। शोर सुनकर शिवाजी भी बाहर निकल आए। इसी बीच ऋषभ ने तैश में आकर दोनों को गोली मार दी। गोलियों की आवाज सुनकर सुयश घर से बाहर आया, तो ऋषभ ने उसे घर के पास सीढ़ियों पर गोली मार दी।
ये भी पढ़ें: पन्ना में जेल में बंद दिव्या अहिरवार से मिले जीतू पटवारी, बोले – आदिवासियों की आवाज जेल में बंद नहीं होगी
परिवारवालों ने मांगी सुरक्षा
रुचि तिवारी ने बताया कि गोलीबारी में पति के अलावा जेठ और भतीजा गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। मोहल्लेवालों और घरवालों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के घरवालों का कहना है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इससे हमारी जान को भी खतरा है। हमें सुरक्षा दी जाए। पुलिस ने पीड़ित परिवार के घर के बाहर फोर्स तैनात की है।

